दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना का पहला वेलनेस सेंटर आज खुलेगा
केंद्र ने वेलनेस सेंटर के लिए बजट में 1200 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है
भास्कर न्यूज | नई दिल्ली
मोदी सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी ‘आयुष्मान भारत’ योजना के तहत पहला हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर शनिवार को शुरू होगा। पीएम नरेंद्र मोदी आंबेडकर जयंती पर छत्तीसगढ़ के बीजापुर में इसका उद्धाटन करेंगे। देशभर में साल 2022 तक एक लाख 50 हजार हेल्थ सब सेंटर को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में बदला जाएगा। इसी वित्त वर्ष में 18 हजार 840 हेल्थ सब सेंटर को वेलनेस सेंटर में बदला जाना है। इसके लिए केंद्र सरकार ने अलग से 1200 करोड़ रु. के बजट का प्रावधान किया है। दूसरा वेलनेस सेंटर कब शुरू होगा, इस बारे में दैनिक भास्कर ने जब नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ कांत से पूछा, तो उन्होंने कहा- तैयारी चल रही है। सबकुछ इतना आसान नहीं। 2017-18 के बजट में डेढ़ लाख हेल्थ सब सेंटर को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में बदलने की घोषणा हुई थी, पर बजट का प्रावधान नहीं था। 2018-19 के बजट में इस योजना का बजट रखा गया है। अब इन्हें शुरू करने में आसानी होगी।
पीएम मोदी छत्तीसगढ़ के बीजापुर में आज आयुष्मान भारत का शुभारंभ करेंगे
देशभर में इस वित्तीय साल में 18,840 हेल्थ सब सेंटर को वेलनेस सेंटर में बदलेंगे
आंबेडकर जयंती पर मोदी केयर की शुरुआत...
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर आयुष्मान भारत का दूसरा पिलर है
बीजापुर को क्यों चुना...
देश के सबसे ज्यादा 101 पिछड़े जिलों में शामिल
बीजापुर नक्सलवाद प्रभावित आदिवासी इलाका है। यह जिला नीति आयोग द्वारा चुने गए देश के सबसे 101 पिछड़े जिलों में आता है। पीएम मोदी ने जिलाधिकारियों के सम्मेलन में कहा था कि जो पिछड़ा जिला बेहतर प्रदर्शन करेगा, वे आंबेडकर जयंती पर उन जिलों का दौरा करेंगे। सियासी वजह- इस साल 5 राज्यों में चुनाव हैं। अगले साल आम चुनाव भी हैं। केंद्र इस प्रोजेक्ट को सबसे बड़ी सफलता दिखाना चाहता है। आयुष्मान भारत से 40% गरीबों को इस योजना का लाभ मिलेगा।
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में 12 तरह की स्वास्थ्य सुविधा होंगी
आयुष्मान योजना के हेल्थ वेलनेस सेंटर
वो सबकुछ जो आप जानना चाहते हैं
हेल्थ वेलनेस सेंटर क्या है | बजट में आयुष्मान भारत की घोषणा की गई है। इसके दो कंपोनेट हैं। पहला 10.74 लाख परिवारों को 5 लाख रु. का स्वास्थ्य बीमा मुफ्त। दूसरा, हेल्थ वेलनेस सेंटर जिसमें देश के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अपडेट होंगे। इन सेंटर में छोटी बीमारियों का इलाज होगा। दवाएं फ्री मिलेंगी।
कितनी बीमारियों का इलाज होगा | हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर 12 तरह की स्वास्थ्य सुविधा होगी। यहां इलाज के साथ जांच की भी सुविधा भी होगी। जिला अस्पताल में मरीज को जो दवा लिखी जाएगी, वह दवा मरीज को उसके घर के पास हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में उपलब्ध हो, इस पर भी काम चल रहा है।
किस राज्य में कितने वेलनेस सेंटर बनेंगे...
इनमें छोटी बीमारियों का इलाज और मुफ्त दवाइयां भी मिलेंगी
बिहार 643
छत्तीसगढ़ 1000
गुजरात 1185
हरियाणा 255
राजस्थान 505
झारखंड 646
मध्य प्रदेश 700
महाराष्ट्र 1450
पंजाब 800
ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, तीन तरह के कैंसर की मुफ्त जांच भी होगी
गंभीर बीमारियों के लक्षण मिले तो क्या करेंगे | जांच में जिन लोगों में बीमारियों के लक्षण पाए जाएंगे, उन्हें तत्काल जिला अस्पताल या बड़े अस्पताल रेफर किया जाएगा। वेलनेस सेंटर में ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और 3 तरह के कैंसर ओरल, ब्रेस्ट, सर्विक्स कैंसर की जांच होगी।
कौन सी बीमारियां कवर होंगी| मैटरनल हेल्थ और डिलीवरी की सुविधा, नवजात और बच्चों के स्वास्थ्य, कॉन्ट्रासेप्टिव सुविधा और संक्रामक, किशोर स्वास्थ्य, गैर संक्रामक रोगों के प्रबंधन की सुविधा, आंख-नाक-कान व गले से संबंधित बीमारी के इलाज की अलग से यूनिट होगी। बुजुर्गों का भी इलाज हो सकेगा।