रवांडा में 15 माह में 4 हजार उड़ानों से पहुंचाया एक लाख लीटर खून
एजेंसी | कैलिफोर्निया. दुनिया की कई ई-कॉमर्स कंपनियां या फूड चेन अपने प्रोडक्ट की डिलीवरी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रही हैं, लेकिन रवांडा में ड्रोन के जरिए मरीजों या जरूरतमंदों को दवा या खून पहुंचाने वाली दुनिया की पहली सेवा चल रही है। अब यह पूरे रवांडा को कवर करेगी। इसके लिए कैलिफोर्निया की कमर्शियल ड्रोन बनाने वाली कंपनी जिपलाइन ने दुनिया की सबसे तेज ड्रोन डिलीवरी सर्विस तैयार की है। रवांडा में 2016 से काम कर रही कंपनी ने इस टेक्नोलॉजी को और बेहतर बनाया है, जिससे ज्यादा से ज्यादा मरीजों को मदद मिल सकेगी। ड्रोन डिलीवरी सिस्टम के जरिए पिछले 15 महीनों में 4 हजार उड़ानों से करीब एक लाख लीटर खून मरीजों तक पहुंचाया गया है। ब्लड डिलीवरी ड्रोन सिस्टम के तहत खून या दवाई की जरूरत पड़ने पर डॉक्टर या अस्पताल को सेंट्रल डिस्ट्रिब्यूशन सिस्टम को एक मैसेज करना होता है। इसके बाद जरूरतमंद तक अधिकतम 20 मिनिट में मदद पहुंच जाती है।