मकराना (नागौर) | राजस्थान में नागौर जिले के मकराना इलाके में एक सांप को पकड़कर परेशान करना मजदूरी पेशा एक युवक को काफी महंगा पड़ गया। सांप ने युवक के होंठ पर काट खाया, जिसके चलते उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। कैलाश नाम का युवक तब काफी उत्साहित हो गया जब उसकी स्कूटी से सांप निकला। उसने सांप का मुंह दबाकर उसे पकड़ लिया और गले में लटकाकर घूमने लगा। लोग तमाशा देखते रहे। कुछ बुजुर्गों ने उसे ऐसा न करने को भी कहा। इस बीच, उसे दोस्तों ने उकसाया और कहा कि वे वीडियो बनाएंगे और उसे सांप का चुम्मा लेने कहा। जैसे ही वह सांप को अपने मुंह के करीब ले गया और उसका हाथ खुला, सांप ने उसके होंठ को काट खाया।
कुछ देर बाद उसकी तबियत बिगड़ी तो लोगों ने उसे जेएलएन अस्पताल पहुंचाया।