तूरिन| इटली के फुटबॉल क्लब युवेंटस के जियानलुईजी बुफोन शनिवार को क्लब के लिए अपना आखिरी मुकाबला खेलेंगे। इटली के गोलकीपर बुफोन ने गुरुवार को यह घोषणा की। बुफोन 17 साल बाद युवेंटस का साथ छोड़ देंगे। उन्हें 2001 में युवेंटस ने पारमा क्लब से खरीदा था। 40 साल के बुफोन की कप्तानी में युवेंटस ने इस सीजन में लगातार सातवां सीरी ए अौर लगातार चौथा इटैलियन कप का खिताब जीता था। बुफोन के नाम 655 क्लब मैचों में 300 क्लीन शीट का रिकॉर्ड है। उनके खिलाफ सीरी ए में 974 मिनट तक कोई टीम गोल नहीं कर सकी। यह सीरी ए लीग का रिकॉर्ड है। बुफोन इटली की ओर से सबसे ज्यादा 176 मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं। वे 4 जून को नीदरलैंड के खिलाफ अपना अंतिम इंटरनेशनल मैच खेलेंगे।
बुफोन का करिअर
कुल मैच 1050
सीरी ए मैच 639
सीरी ए टाइटल 9
सुपरकोपा 5
कोपा इटालिया 4
यूईएफए कप 1
वर्ल्ड कप 1
गोलकीपर आॅफ द ईयर 12
655 क्लब मैचों में 300 क्लीन शीट