बरखेड़ा निवासी कल्याण सहाय का 27 वर्षीय पुत्र राकेश जांगिड भिवाड़ी में एक फैक्ट्री में काम करता था। साप्ताहिक अवकाश पर 2 मई को घर आया था। शाम को सब्जी लेने अलवर में घंटाघर के पास सब्जी मंडी पहुंचा और हादसे का शिकार हो गया। घटना के बारे में घटनास्थल से कुछ मीटर दूर सब्जी बेच रहे 72 वर्षीय रूपनारायण ने बताया कि तूफान से मंडी में भगदड़ सी मच गई थी। बिजली गुल होने के कारण अंधेरा छा रहा था। राकेश बचकर विशाल पीपल के पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। बोला यहां कोई दिक्कत नहीं है बाबा। तभी जबरदस्त तेज हवा के झौके से भारी भरकम पीपल का पेड़ जड़ से उखड़ गया। उसके देखते-देखते राकेश पेड़ के नीचे दब गया। हमने निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन वह करीब एक घंटे तक फंसा रहा। दरअसल पेड़ इतना वजनी था कि किसी का बस नहीं चला। काफी मशक्कत के बाद पेड़ के नीचे से निकाल उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।