तलावड़ा | उप तहसील मुख्यालय से 5 किमी दूर माधोपुरिया की ढाणी में शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे 7 छप्परपोश घरों में अचानक आग लग जाने से नगदी सहित हजारों रुपए का सामान जलकर स्वाह हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर तलावड़ा चौकी से पुलिस और दमकल पहुंची और दमकल ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया।
आगजनी की घटना माधोपुरिया गांव के चिरंजी, छुट्टन लाल, काडू, सुरेश, रामजीलाल पुत्र केसरया बैरवा और गोविन्दा, श्रीपाल पुत्र नाथूलाल बैरवा के यहां हुई। आगजनी की शुरुआत चिरंजी के छप्परपोश घर से हुई। तेज गर्मी और हवा के कारण आग ने एक के बाद एक कर 7 छप्परपोशों को अपने आगोश में ले लिया। छप्परपोशों से धुआं उठता दिखाई देने पर आसपास से ग्रामीण आग बुझाने के लिए दौड़े और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया साथ ही दमकल को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया, लेकिन जब तक आग बुझती तब तक सारा सामान व नकदी आग की भेंट चढ़ चुके थे। सूचना के बाद सचिव, पटवारी और तहसीलदार बनवारीलाल शर्मा मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लेकर नुकसान का आंकलन किया तो पीड़ितों के कुछ भी सामान नहीं बचा।
तलावड़ा . माधोपुरिया ढाणी में जला सामान।