- Hindi News
- National
- ग्रिल उखाड़कर घर में घुसे चोर, सो रहे परिवार को कमरों में बंद कर लैपटॉप, नकदी, स्कूटी ले गए
ग्रिल उखाड़कर घर में घुसे चोर, सो रहे परिवार को कमरों में बंद कर लैपटॉप, नकदी, स्कूटी ले गए
भास्कर संवाददाता | दातारपुर
मेन बाजार दातारपुर के एक घर से सोमवार रात चोरों ने लैपटॉप, नकदी और स्कूटी चुरा ली। घर में सोए परिवार के सदस्यों को इसकी भनक भी नहीं लगी। सरकारी आईटीआई तलवाड़ा के इंस्ट्रक्टर निखिल मेहता ने बताया कि तड़के करीब 3.30 बजे वह पानी पीने के लिए उठे तो फ्रिज वाले कमरे का दरवाजा नहीं खुला। उन्होंने ऊपरी मंजिल का मेन दरवाजा खोलने की कोशिश की लेकिन वह भी नही खुला। शक होने पर उन्होंने मेन दरवाजे को जोर से धक्के मारकर खोला और लाइट जलाकर देखा तो घर का सामान बिखरा हुआ था। चेक करने पर उन्हें चोरी का पता चला। निखिल ने बताया कि वह रोज की तरह घर का मेन गेट और सभी दरवाजे बंद करके सोए थे। चोर ग्राउंड फ्लोर के मेन दरवाजे के साथ लगी खिड़की की ग्रिल को उखाड़ घर में दाखिल हुए। चोरों ने उनकी माता संध्या मेहता और बड़े भाई सुमेश मेहता व भाभी मधु मेहता के कमरे के दरवाजे के आगे तख्तपोश व टेबल लगा दिया। इसके बाद चोर अंदर की सीढ़ियों से ऊपरी मंजिल पर पहुंच गए, जहां एक कमरे में निखिल मेहता खुद और प|ी मनीषा मेहता सो रहे थे।
निखिल ने बताया कि वहां भी चोर लोहे की ग्रिल उखाड़कर अंदर घुस गए और कमरे में पड़ी दो अलमारियों, एक ट्रंक व बेड को खोल सारा समान खंगाला। चोर अलमारी में रखा लैपटॉप, करीब 1 लाख रुपए नकदी उठा ले गए। चोरों ने इसी कमरे में पड़े फ्रिज पर रखी स्कूटी की चाबी उठाई और नीचे शेड में खड़ी एक्टिवा स्कूटी (पीबी07 एएम 6220) भी ले गए।
तलवाड़ा पुलिस को चोरी की सूचना दी गई है। एएसआई हरमिंदर सिंह ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।