भास्कर संवाददाता | तलवाड़ा टाउनशिप
संसारपुर टैरेस में सुबह करीब 11.30 बजे अचानक शराब फैक्टरी के सामने ढाबे पर सिलेंडर फटने से अफरा तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार सुबह ढाबा मालिक खाना बना रहा था और कुछ लोग वहां पर खाना खा रहे थे कि अचानक सिलेंडर में आग लग गई, जिससे ढाबे के मालिक और लोगों ने बुझाने की कोशिश की पर आग बढ़ते देख मौके पर बैठे लोग वहां से भाग गए। अगर थोड़ी देर लोग अंदर से न भागते तो हादसा ज्यादा भयंकर हो सकता था। इसके बाद सिलेंडर इतनी जोरदार फटा कि उसका आधा हिस्सा ढाबे की छत्त को फाड़ते हुए ऊपर लगे सफेदे के पेड़ों में टकराया, जिससे पेड़ों ने भी आग पकड़ ली। सिलेंडर फटने के बाद दुकान में रखे दूसरे सिलेंडरों ने भी आग पकड़ ली और साथ लगते कार वाशिंग सेंटर के मालिक गगन व फैक्टरी के वर्करों ने आग बुझाने वाले सिलेंडर लाकर आग पर काबू पाया। इसके बाद फायर ब्रिगेड तलवाड़ा की गाड़ी भी मौके पर पहुंची और सफेदे के पेड़ पर निकल रहे धुएं और ढाबे पर पानी डालकर आग बुझाई। वहां मौजूद लोगों मुकेश कुमार, मनमोहन सिंह, संजू, गगन ने कहा कि ढाबा मालिक व अंदर खाना खा रहे लोग समय से वहां से नहीं भागते तो कुछ भी हो सकता था। वहीं संसारपुर टैरेस पुलिस चौकी के इंचार्ज व कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर तफ्तीश की व दूसरे पड़े सिलेंडरों को चेक किया।