कंडी नहर में नहीं आया पानी गर्मी बढ़ने से किसान परेशान
भास्कर संवाददाता | दातारपुर
किसानों को जमीन की सिंचाई के लिए और आवारा पशुओं को नहाने व पानी पिलाने की सुविधा के लिए तलवाड़ा बैरियर से शुरू कंडी नहर पिछले डेढ़ महीने से सूखी पड़ी हुई है। तेज गर्मी का मौसम होने के कारण यहां किसान पानी के लिए परेशान हैं, वहीं आवारा पशु पंछी और जानवर पानी की तलाश में भटक रहे हैं। कंडी नशा मुक्त कमेटी के प्रधान सुभाष चंद, भाजपा जिला किसान मोर्चा के उपप्रधान ज्योति शर्मा ने कहा कि आजकल गर्मी के मौसम में हर किसान को पानी की जरूरत है। आवारा पशु व जानवर भी प्यास मिटाने के लिए नहर किनारे बने घाटों पर ही आते हैं, लेकिन नहर में पानी न होने के कारण यह सब परेशान हो रहे हैं। 5-6 मई को विभाग के अधिकारी ने दस मई को पानी छोड़ने का समय दिया था, लेकिन एक हफ्ता गुजरने के बाद भी पानी नहीं छोडा गया।
विभाग के एसडीओ बलवीर सिंह ने बताया कि 20 मई को नहर में पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत सफाई का काम चल रहा है और 80% काम हो चुका है। बकाया काम जल्दी ही खत्म करके पानी छोड़ दिया जाएगा।