गिद्धौर: बहन की शादी के लिए आए युवक की बाइक पेड़ से टकराई, मौत
थाना क्षेत्र के बरियातू गांव के समीप चतरा- हजारीबाग मुख्य सड़क में बीते सोमवार की देर शाम एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर जामुन पेड़ से टकरा गई। बाइक पर सवार युवक की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। मृतक युवक की पहचान थाना क्षेत्र के पिंडारकोण गांव के टोला पूर्णाडीह निवासी धनेश्वर यादव के पुत्र संजय यादव (25 वर्ष) के रूप में हुई।
रात्रि गस्ती पर निकले गिद्धौर थाना के अवर निरीक्षक नत्थू सिंह व पुलिस बल के जवानों ने घटना स्थल पर युवक की स्थिति देख रुक कर इसकी पहचान करने में जुटे। सूचना के बाद मृतक के परिजन सहित काफी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे। परिजनों के चीत्कार से माहौल काफी गमगीन हो गई। पुलिस रात में ही शव को कब्जे में लेकर थाना ले आई। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। घटना से पुरे गांव सहित आस-पास के क्षेत्रों में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि संजय मुंबई में मजदूरी का काम करता था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बहन की शादी तय होने पर वह मुंबई से घर आया था। सोमवार को वह अपना ससुराल मसुरिया गया था। ससुराल से लौटने के क्रम में घटना घटी।