- Hindi News
- National
- डुमरी में झामुमो नेता की गला रेत कर हत्या, फायरिंग करते हुए भाग निकले सभी अपराधी
डुमरी में झामुमो नेता की गला रेत कर हत्या, फायरिंग करते हुए भाग निकले सभी अपराधी
घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ और जांच करने पहुंची पुलिस।
भास्कर न्यूज. डुमरी ।
डुमरी थाना क्षेत्र के उत्तराखंड के मुरकुंडो में अपराधियों ने शनिवार को दिनदहाड़े झामुमो के पंचायत अध्यक्ष बासुदेव मंडल की हत्या धारदार हथियार से गला रेत कर दी। अपराधियों ने इस दौरान दो राउंड फायरिंग भी की। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक जगरनाथ महतो सहित डुमरी एसडीपीओ अरविंद कुमार विन्हा, पुलिस निरीक्षक बीरेंद्र राम, थाना प्रभारी दिनेश कुमार सिंह सदल-बल मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस और दो खोखा बरामद किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि जीतकुंडी निवासी बासुदेव मंडल अपने पुराने घर से बाइक से मुरकुंडो के अपने नए घर जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उस पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे घटना स्थल पर ही बासुदेव मंडल (40) की मौत हो गई। मृतक बासुदेव महतो के शरीर पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं। बताया जाता है कि इस दौरान अपराधियों ने दो फायरिंग भी की और फरार हो गए। बासुदेव मंडल झामुमो के जीतकुण्डी पंचायत अध्यक्ष थे और ठेकेदारी भी करते थे। घटना के बाद वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। घटना की खबर पाते ही विधायक जगरनाथ महतो मौके पर पहुंचे व उसके परिजनों और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। साथ ही परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। घटना की विधायक ने निंदा करते हुए पुलिस से जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग की। एसडीपीओ ने बताया कि आपसी रंजिश व ठेकेदारी को लेकर बासुदेव मंडल की हत्या हुई है।