ट्रैक के बगल में रखी पटरी चलती ट्रेन की बोगी में घुसी, एक की मौत
किऊल-झाझा रेलखंड पर बिछवे रेलवे गुमटी के पास शनिवार की अहले सुबह 3:10 बजे ट्रेन के कंपन से ट्रैक के बगल में रखी रेल पटरी चलती रेलगाड़ी की बोगी में घुस गई। इससे एक यात्री की मौत हो गई, जबकि दो जख्मी हो गए। पटरी नीचे से फर्श को छेदते हुए मौर्य एक्सप्रेस की जनरल बोगी संख्या-15426 में घुस आई। आधी पटरी ट्रेन में घुसने के बाद टूट गई और बचा हिस्सा रेलवे पुल से टकराते हुए नीचे गिर गया।
इस हादसे में आजमगढ़ के मंगल सेठ (50) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद यात्रियों में अफरातफरी मच गई। कुछ देर के बाद ट्रेन को किऊल स्टेशन ले जाया गया। करीब 3 घंटे बाद वहां दुर्घटनाग्रस्त बोगी को काटकर ट्रेन को 6:24 बजे आगे के लिए रवाना किया गया। दोनों घायल यात्रियों काे पटना रेफर किया गया है। जख्मी यात्रियों में समस्तीपुर निवासी त्रिदेव सहनी व सिमरी बख्तियारपुर निवासी मुकेश कुमार शामिल हैं। मृतक परिजनों के साथ देवघर में पूजा करने के बाद वापस लौट रहे थे।
शनिवार की अहले सुबह 3:10 बजे ट्रेन के कंपन से घटी घटना
इधर, पटना में ट्रेन से गिरकर दो की मौत
सिटी रिपोर्टर | पटना
पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर-मोकामा रेल खंड पर शनिवार को गुलजारबाग रेल थाना क्षेत्र में दो युवकों की ट्रेन से गिरकर मौत हो गयी। रेल पुलिस ने बताया कि कुम्हरार के निकट ट्रेन से गिरकर टून्ना कुमार (18) और पीयूष कुमार (20) की मौके पर ही मौत हो गयी। दोनों युवक कोसी एक्सप्रेस ट्रेन से पटना आ रहे थे और यहां से दोनों वाराणसी परीक्षा देने जाने वाले थे। दोनों छात्रों के पास से मिले पहचान पत्र के आधार पर उनकी शिनाख्त की गयी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
दुर्घटना की उच्चस्तरीय जांच होगी
घटना की जानकारी के बाद पूर्व मध्य रेलवे के जीएम ललित चंद्र त्रिवेदी, डीआरएम रंजन प्रकाश ठाकुर समेत तमाम आला अफसर घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। मंगल सेठ के चचेरे भाई रमेश सेठ के बयान पर किऊल जीआरपी में एफआईआर दर्ज करायी गई है। जीएम ने कहा कि दुर्घटना की उच्चस्तरीय जांच होगी। 16 से रेलवे सुरक्षा आयुक्त कोलकाता, दानापुर में जांच शुरू करेंगे। इधर, एडीजी (रेल) आलोक राज ने कहा कि हादसे की वजह स्पष्ट नहीं है। प्रथम दृष्टया एक्सीडेंट प्रतीत हाेता है। घटनास्थल के पास रेल ट्रैक निर्माण का काम भी हो रहा है, ऐसे में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।