- Hindi News
- National
- सड़क किनारे सूमो खड़ी कर पंचर बना रहे लोगों को ट्रक ने कुचला, पांच की गई जान
सड़क किनारे सूमो खड़ी कर पंचर बना रहे लोगों को ट्रक ने कुचला, पांच की गई जान
अररिया-सुपौल फोरलेन सड़क पर चक्रदाहा आेवरब्रिज के पास मस्जिद के सामने रविवार की देर रात ट्रक के कुचलने से पांच लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार सुपौल के प्रतापगंज थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी भरत मिश्र अपने पुत्र के लिए लड़की देखने 10 लोगों के साथ अररिया के चन्द्रदेई गांव गए थे। लड़की देखने के बाद सभी लोग देर रात घर लाैट रहे थे। नरपतगंज के चक्रदाहा ओवरब्रिज के निकट सूमो की टायर पंचर हो गई। ड्राइवर सड़क किनारे गाड़ी रोककर टायर बदलने लगा। टायर बदले के दाैरान सड़क पर खड़े होकर छह लोग मोबाइल से रोशनी दिखा रहे थे। इसी बीच एक अज्ञात ट्रक ने चालक सहित छह लोगों को कुचल डाला। इससे चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक व्यक्ति की मौत इलाज के दौरान हुई। भरत मिश्र के पोता-पोती समेत गाड़ी में बैठे प्रतापगंज के रवि पंडित और खट्टरदास बाल-बाल बच गए। गाड़ी को भी कोई नुकसान नहीं हुआ है। मृतकों में चार सुपौल, जबकि एक भागलपुर के इशाकचक का रहने वाला था।
इनकी हुई मौत: रूपेश कुमार सिंह (गाड़ी मालिक) सुखानगर, प्रतापगंज, सुपौल, गौतम मिश्र, भवानीपुर प्रतापगंज सुपौल, विजय मिश्र दिवानगंज, सुपौल, शंकर मिश्र (लड़की के मामा) इशाकचक, भागलपुर, भरत मिश्र प्रतापगंज, सुपौल।
अररिया से लड़की देख कर सुपौल लौट रहे थे
दुर्घटना में घायल बच्चा।
लड़की वाले रात में जाने से रोक रहे थे
जानकारी के अनुसार लड़की वाले भरत मिश्र को रात में जाने से रोक रहे थे, लेकिन उन्होंने बात नहीं मानी और सभी लोग चंद्रदेई गांव से रात में ही निकल गए। प्रतापगंज के सुखानगर निवासी गाड़ी मालिक रूपेश कुमार सिंह सूमो स्वयं चला रहे थे, जिनकी हादसे में मौत हो गई। हादसे में लड़के के पिता भरत मिश्र, भरत मिश्र के बड़े बेटे गौतम मिश्र, साला विजय मिश्र, लड़की के मामा शंकर मिश्र की मौत हो गई। शंकर मिश्र भागलपुर के इशाकचक में रहते थे। भरत मिश्र की मौत इलाज के दौरान हुई। सूचना मिलते ही नरपतगंज पुलिस देर रात घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया भेज दिया। मामले में प्रत्यक्षदर्शी सह मृतक के परिजन विशाल कुमार के बयान पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।