भीलूड़ा। सहस्त्र औदिच्य दस गांव संगठन टामटिया चौखला का अधिवेशन और कार्यकारिणी के चुनाव घोटाद गांव में रविवार को सुबह 8 बजे होंगे। इसमें समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान समारोह भी होगा। औदिच्य दस गांव संगठन के अध्यक्ष सुरेश मेहता ने बताया कि पहले सत्र में समाज के 70 साल की आयु पार समस्त महिला और पुरुषों का अभिंनदन संगठन के संरक्षक भूपेंद्र भट्ट द्वारा अपने माता-पिता की स्मृति में किया जाएगा। समाज के 145 वरिष्ठजनों का सम्मान शाल, उपरणा एवं भेंट प्रदान कर किया जाएगा। वहीं दूसरे सत्र में अधिवेशन में समाज की नियमावली संशोधन पर चर्चा कर जरूरी निर्णय लेंगे। इसके बाद संगठन कार्यकारिणी और महिला कार्यकारिणी के चुनाव होंगे। कोषाध्यक्ष देवीलाल भट्ट ने बताया कि चुनाव में भाग लेने के लिए सत्र 2017 तक की सदस्यता शुल्क जमा होना अनिवार्य होगा। आयोजन को लेकर दस गांव संगठन के संरक्षक भूपेंद्र भट्ट, कार्यकारी अध्यक्ष जगदीश जोशी, महामंत्री प्रदीप भट्ट, सचिव पवन पंड्या, मनोहर पंड्या, पुरुषोत्तम पंड्या, शैलेष भट्ट, सुरेंद्र भट्ट सहित कई समाजजनों ने घोटाद में बैठक कर कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया।