- Hindi News
- National
- मेले में गाने का समय था तीन घंटे, आधा घंटा गाने के बाद स्टेज छोड़ भागा गीता जैलदार
मेले में गाने का समय था तीन घंटे, आधा घंटा गाने के बाद स्टेज छोड़ भागा गीता जैलदार
भास्कर संवाददाता | चब्बेवाल
गांव मुक्खोमजारा के वार्षिक मेले पर प्रबंधक कमेटी द्वारा बुलाया मुख्य गायक कुछ मिनट ही गाने के बाद स्टेज से उतरकर गाड़ी में बैठकर रफूचक्कर हो गया और हजारों की गिनती मे बैठे श्रोतागण व प्रबंधक कमेटी हैरान रह गई। प्रबंधक कमेटी अब एसएसपी होशियारपुर को शिकायत देने और अदालत का दरवाजा खटखटाने की तैयारी में जुट गई है।
प्रबंधक कमेटी के प्रधान कुलविंदर सिंह एवं संंतोख सिंह ने बताया कि गांव मुक्खोमजारा सूरापुर के शहीद बाबा ढक्की साहिब के स्थान पर बैसाखी पर्व को लेकर वार्षिक मेला था। इस बार मेले में गायक कलाकारों में मुख्य गायक गीता जैलदार को एक लाख साठ हजार रुपए में बुक किया था। यह तय किया गया था कि वह मेले में दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक गीत गाएंगे। पचास हजार एडवांस दिए थे। प्रबंधकों के अनुसार गीता जैलदार पहले तो तय समय से आधा घंटा लेट आया और उसने स्टेज पर चढ़ने से पहले बाकी रकम भी प्रबंधक कमेटी से ले ली। मगर वह आधा घंटा गीत गाने के बाद अपने साथी बाउंसरों के साथ स्टेज छोड़कर गाड़ी की तरफ भागा और गाड़ी में बैठ रफूचक्कर हो गया। पंडाल में बैठे श्रोता व प्रबंधक कमेटी के लोग एक-दूसरे का मुंह देखते रह गए। प्रबंधकों ने बताया कि कमेटी गीता जैलदार को रोक सकती थी मगर मेले का माहौल ना खराब हो जाए इसलिए उन्होंने उसे बिना कुछ कहे जाने दिया। अब वह एसएसपी होशियारपुर को शिकायत करेंगे और अगर जरूरत पड़ी तो अदालत का दरवाजा भी खटखटाएंगे। इस मौके पर मक्खन सिंह गरेवाल, जसवंत सिंह, जुझार सिंह, बलजिंदर सिंह, अमरजीत सिंह, गगनदीप सिंह आदि उपस्थित थे।