नियमित पेयजलापूर्ति के लिए महिलाओं ने किया सड़क जाम
भवानी मुहल्ला की दर्जनों महिलाओं ने नियमित पेयजल आपूर्ति की मांग को लेकर मंगलवार को टंडवा-रांची मुख्य सड़क को जाम कर दिया। इससे घंटों आवागमन ठप हो गया। आक्रोशित महिलाओं ने आरोप लगाया कि टंडवा में कार्यरत पीएचडी विभाग के कर्मियों की लापरवाही के कारण यह समस्या पिछले दस वर्षों से झेलते आ रहे हैं।
पिछले तीस साल से टंडवा में कार्यरत कर्मियों को हटाने की भी मांग ग्रामीण कर रहे थे। इधर सड़क जाम की सूचना के बाद प्रमुख सीता राम साहू, समाज सेवी सह मुखिया पति सुभाष दास तथा आजसू के जागेश्वर दास जाम स्थल पहुंचे। ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत होने के बाद पीएचडी के एसडीओ समेत अन्य अधिकारियों के सामने उत्पन्न पेयजल समस्या को रखा। अधिकारियों ने तुरंत दुरुस्त कराने को कहा। कर्मियों ने तुरंत दुरुस्त करने को लेकर कार्य शुरू कर दिया। एक घंटे बाद जाम हटते ही आवागमन सामान्य हुआ।
उल्लेखनीय है कि टंडवा में सप्लाई पानी की नियमित आपूर्ति नहीं होने के साथ पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता है। इधर टंडवा के बड़की नदी में एनटीपीसी के बराज निर्माण होने के कारण नदी में पानी पूरी तरह सूख गई है। इधर ग्रामीणों ने नियमित पानी आपूर्ति की मांग के लिए अनुमंडल पदाधिकारी के नाम आवेदन देंगे।