प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में शुक्रवार को बीस सूत्री क्रियान्वयन समिति की बैठक हुई। इसमें बीस सूत्री सदस्य के अलावा कई विभाग के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष मिथलेश कुमार गुप्ता व संचालन बीडीओ प्रताप टोप्पो ने किया। बैठक में मुख्य प्रधानमंत्री आवास योजना में कमीशनखोरी, टंडवा स्वास्थ केंद्र में अव्यवस्था एवं बिजली की लचर व्यवस्था का मुद्दा छाया रहा। इन तीनों मुद्दों पर सुधार के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों पर दबाव डाला गया। प्रधानमंत्री आवास योजना में चल रही कमीशनखोरी को लेकर बीडीओ प्रताप टोप्पो ने कहा कि किसी कर्मी या बिचौलिया द्वारा आवास के नाम पर रुपए की मांग की जाती है तो सीधे हमसे लिखित शिकायत करें कार्रवाई की जाएगी। सदस्य जगदीश महतो ने चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बलराम मुखी पर हमेशा अनुपस्थित रहने का आरोप लगाया। साथ ही सरकार की योजनाओं का क्रियान्वयन मनमानी तरीके से कराते हैं। इस विषय को गंभीरता से लेते हुए इन पर कार्रवाई के लिए उपायुक्त को पत्राचार करने का निर्णय लिया गया। बीस सूत्री अध्यक्ष ने कहा कि चार डॉक्टरों के भरोसे डेढ़ लाख आबादी का इलाज नहीं हो सकता। मौके पर प्रमोद सिंह, रिंकी देवी, जगदीश महतो, गुलजार आलम, आंगनबाड़ी से चंद्रावती नायक, संतोष कुमार, मैनुअल बेसरा, मुरारी पांडेय के अलावा बैंक अॉफ इंडिया के सहायक प्रबंधक सतीश गुप्ता, वन विभाग समेत कई विभाग प्रतिनिधि शामिल थे।