विकास खंड स्तरीय विभागीय परिवेदना निवारण शिविर 18 मई को
तराना | विकासखंड के शिक्षा विभाग अंतर्गत तृतीय तथा चतुर्थ वर्ग के शासकीय कर्मचारी सहायक अध्यापक, अध्यापक, वरिष्ठ अध्यापक, सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता, प्राचार्य तथा अन्य विभागीय कर्मचारियों की समस्याओं के हल हेतु मध्यप्रदेश शासन द्वारा निर्धारित विकास खंड स्तरीय विभागीय परिवेदना निवारण शिविर आयोजित किया गया है। शिविर उत्कृष्ट विद्यालय में शुक्रवार सुबह 10.30 से 5.30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। शिविर में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगर परिषद तराना एवं माकड़ौन के मुख्य नगर पालिका अधिकारी, विकास खंड शिक्षा अधिकारी, सभी संकुल प्राचार्य एवं बीआरसीसी कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण करेंगे। यदि शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर की होगी तो उन शिकायतों को वरिष्ठ कार्यालय भेजा जाएगा और शिकायत का निराकरण करवाया जाएगा। जानकारी देते हुए विकास खंड शिक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र लावरे ने विकासखंड के शिक्षा विभाग के कर्मचारियों से शिविर में उपस्थित होने हेतु अपील की है।