कीड़ी अफगान स्थित चड्ढा शुगर इंडस्ट्री से शीरा लीक होने के कारण ब्यास दरिया में हजारों मछलियां मरने के तीसरे दिन, शनिवार को तरनतारन के डीसी प्रदीप सभ्रवाल ने मार्केट में मछलियां बेचने पर पाबंदी लगा दी। डीसी की ओर से जारी आदेश के अनुसार, अगर कोई भी शख्स दरिया से बीते तीन दिनों के दौरान निकाली गई मछली बेचता मिला तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की टीमें मछलियां निकालने वाले ठेकेदारों पर भी नजर रखेंगी।
डीसी ने दरिया के पानी की सफाई और लोगों को जागरूक करने के लिए एडीसी संदीप ऋषि और पट्टी के एसडीएम सुरिंदर सिंह की ड्यूटी लगाई है। फिशरीज डिपार्टमेंट भी मरी हुई मछलियों को डिस्पोज ऑफ करने के लिए सक्रिय हो गया है। तरनतारन में तैनात डिपार्टमेंट के डायरेक्टर मदनमोहन ने अपने कर्मचारियों को िनर्देश जारी कर दिए।
डीएफओ चरणजीत सिंह ने बताया कि पाैंग डैम से छोड़ा गया अतिरिक्त पानी शनिवार दोपहर हरिके पहुंचने के बाद यहां शीरा का असर 50 फीसदी तक कम हो गया है। रविवार को और सुधार दिखेगा। हरिके बर्ड सेंक्चुरी से गंदे पानी को फ्लश करने के प्रयास जारी हैं। सेंक्चुरी में सभी जीव सुरक्षित हैं। उधर सेहत महकमे ने मरी मछलियों के सैंपल चंडीगढ़ भेज दिए हैं।
फॉलोअप
मरी मछलियां जमीन में दबाने के लिए फिशरीज डिपार्टमेंट भी सक्रिय, पौंग डैम से छोड़ा पानी पहुंचा हरिके
ब्यास में बहकर आई दो गायें
पेट की बीमारियों से लेकर कैंसर तक हो सकता है... ब्यास नदी में मरने वाली मछलियों की जांच रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। इसलिए पानी में क्या कैमिकल मिला है, इस बारे कुछ भी नहीं कहा जा सकता। अगर इन मछलियों के अंदर कोई जहरीला केमिकल पाया गया तो उन्हें खाने वाले को कैंसर भी हो सकता है। केमिकल रिएक्शन से शरीर में जहर भी बन सकता है। चूंकि मछलियों को मरे हुए तीन दिन हो चुके हैं इसलिए फ्रीजर के बगैर रखी मछलियां खाने से पेट की बीमारियां भी हो सकती हैं। - डॉ. सिद्धार्थ मल्होत्रा, एमडी मेडिसन, अमृतसर
शनिवार को हरिके हैडवर्क्स पर अपस्ट्रीम वाली साइड में दो मरी हुई गायें बहते हुए पहुंची। आशंका है कि इनकी मौत भी शीरायुक्त पानी पीने से हुई है। दोनों गायों को वाइल्ड लाइफ विभाग के सुपुर्द कर दिया गया।
12,205 क्यूसिक पानी राजस्थान-फिरोजपुर फीडर में...हरिके हैडवर्क्स से मिले आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को राजस्थान फीडर में 5,345 और फिरोजपुर फीडर में 6,160 क्यूसिक पानी छोड़ा गया।
डॉल्फिन की तलाश जारी...दरिया में हरगोविंदपुर से अपस्ट्रीम साइड में घड़ियाल और एक-दो डॉल्फिन नजर आई हैं। अमृतसर-तरनतारन जिले के हिस्से में इनकी तलाश शनिवार को जारी रही। डब्ल्यूडब्ल्यूएफ की अधिकारी गीतांजलि कंवर की ओर से बनाई गई टीमों ने दरिया के किनारों पर सर्च ऑपरेशन चलाया।