गुरुर ब्लाक के मरकाटोला से बड़भूम तक 5 किमी की सड़ का बोल्डर उखड़कर बाहर आ गए हैं। इससे जगह-जगह गड्ढे हाे गए हैं। यह मार्ग कंकालिन, जंगलीभेजा, बड़भूम, मरकाटोला होते हुए चारामा के लिए निकलता है। सैकड़ों लोग हर रोज इसी मार्ग से आना-जाना करते हैं। 15 साल पहले पीडब्ल्यूडी ने नवीनीकरण कर डामरीकृत किया था। लेकिन अब सड़क खराब हो गई है। कहीं पर भी डामर नजर नहीं आता है। 5 किमी की सड़क में 20 जगह एक से दो फीट तक गहरा गड्ढा है।
इस मार्ग में दो मंदिर है जिसके कारण इस मार्ग में बड़ी संख्या मेें श्रद्धालु भी दर्शन के लिए पहुंचते है। मां कंकालिन मंदिर के आगे जाने पर सियादेही मंदिर है। जहां पर दर्शनार्थियों की भीड़ हमेशा लगी रहती है। भाजपा शक्ति केंद्र प्रभारी बलराम गोटी, हनुमान सिंह, जीवन लाल ने बताया कि सड़क बनाने की मांग को लेकर अब तक 10 बार विधायक, कलेक्टर, मंत्री व अधिकारियों को आवेदन दे चुके हैं। इसके साथ ही हर साल लोक सुराज, जनसमस्या निवारण शिविर में आवेदन दे चुके हैं। लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं की है। चुनाव के समय नेता आश्वासन देते हैं और बाद में भूल जाते हैं।
तार्रीभरदा. मरकाटोला से बड़भूम तक 5 किमी की खराब सड़क हो गई है। गिटि्टयां फैल गई है।
मुजालगोंदी से अलोरी तक पहुंच मार्ग की स्वीकृति
विधायक भैयाराम सिन्हा ने बताया कि मरकाटोला से बड़भूम तक सड़क खराब होने की जानकारी नहीं है। इसलिए इसका प्रस्ताव नहीं भेजा गया है। मैं कंकालिन, जंगलीभेला मार्ग के लिए तत्काल राशि स्वीकृत कराने के लिए पत्र भेजूंगा। उन्होंने बताया कि मुजालगोंदी से अलोरी पहुंच मार्ग की स्वीकृति हो चुकी है। काम पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को सुविधा होगी।
एस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा गया है: उइके
पीडब्ल्यूडी के अधिकारी एमएल उइके का कहना है कि मरकाटोला से बड़भूम तक डामरीकरण के लिए एस्टीमेट बनाकर शासन के पास भेज दिया गया है। स्वीकृति के बाद बनाया जाएगा।