भीषण गर्मी में भी ग्राम इमलीडोल को मिलता है सिर्फ एक टैंकर पानी
दूर से पानी लाने के लिए मजबूर हैं ग्रामीण
भास्कर संवाददाता| तेंदूखेड़ा
ग्राम इमलीडोल के लोग पीने के पानी के लिए परेशान हैं, पहाड़ी क्षेत्र एवं आदिवासी बाहुल्य ग्राम के लोग पानी के लिए कई बार शिकायत कर चुके हैं, मगर समाधान कुछ भी नहीं किया गया है। बिगड़े हैंडपंपों का सुधार आैर नए बोर खनन के लिए 1 मई को जनसुनवाई में खड़े होकर एसडीएम ब्रजेंद्र रावत को पानी की समस्या से निजात दिलाने आवेदन दिया था। एसडीएम ने पीएचई एसडीओ महेंद्र उरमलिया से तत्काल ही हैंडपंप सुधरवाने के निर्देश दिए थे, साथ ही एसडीओ ने नवीन बोर खनन के लिए आश्वासन दिया था। कुछ हैंडपंपों का सुधार हुआ, लेकिन पानी नहीं निकल रहा है। नया बोर खनन नहीं हुआ है। एेसी स्थिति में ग्राम के लोगों के लिए कुएं का पानी टैंकर से सप्लाई किया जा रहा है। कुएं में भी पानी नहीं है। टैंकर भरने के बाद कुआं खाली हो जाता है, दिन भर पानी रिसने का लोग इंतजार करते हैं। पूरे दिन में सिर्फ एक टैंकर पानी ही कुएं से ग्राम के लोगों को मिल रहा है, जो पर्याप्त नहीं है। ग्राम के कई लोगों को टैंकर से पीने का पानी नहीं मिल पाता है।
ग्राम के लोगों ने एसडीओ पीएचई पर आरोप लगाते हुए कहा है कि जनसुनवाई में आश्वासन के बाद भी अधिकारी पेयजल की समस्या पर ध्यान नहीं देते हैं। इस संबंध में एसडीएम ब्रजेंद्र रावत का कहना है कि ग्राम में पानी की समस्या है। एसडीओ पीएचई ने भी हैंडपंपों को चेक करवाया था, लेकिन पानी नहीं है। मैं अभी ग्राम में नया बोर खनन या किसी प्रकार से पानी उपलब्ध कराने के लिए एसडीओ से बात करता हूं।