पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सरेआम धमकी देकर पति की हत्या की और पुलिस व डाॅक्टर को पैसा देकर फांसी बताया

सरेआम धमकी देकर पति की हत्या की और पुलिस व डाॅक्टर को पैसा देकर फांसी बताया

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | आलीराजपुर

साहब, सरेआम धमकी देने बाद मेरे पति की हत्या कर उसे फांसी का प्रकरण बना दिया गया। पुलिस, डॉक्टर और सबने मिलकर लीपापोती कर दी और पति की अंत्येष्टि के बाद मुझ बेवा काे धमकाया जा रहा है। यह आपबीती जोबट के ग्राम बलदमूंग के मोहाली फलिया निवासी लमबाई पति स्व. मालसिंह ने जनसुनवाई में कलेक्टर गणेश शंकर मिश्रा को सुनाई। जिस पर कलेक्टर ने सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग से इस विधवा महिला को 2000 हजार रुपए की नगद राहत राशि दिलवाकर विधवा पेंशन और राष्ट्रीय परिवार सहायता राशि स्वीकृत करने के निर्देश जिला पंचायत सीईओ को दिए।

पुलिस, डॉक्टर और आरोपियों पर लगाए गंभीर आरोप

लमबाई ने आवेदन में बताया कि मैं एक आदिवासी मजदूर महिला हूं और मेरे अबोध बच्चे की बीमारी के कारण अपने माता-पिता के यहां गई थी। इसी दौरान 19 अप्रैल को आरोपी लोगों ने मेरे पति की निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद उसे बैठाते हुए फांसी का फंदा लटकाया गया। पुलिस व डॉक्टर के बीच भारी भरकम पैसा बांटकर प्रकरण को पुरी तरह से फांसी के प्रकरण में तब्दील करवा दिया गया।

हत्या करने के बाद से फरार है आरोपी

जनसुनवाई में तीन बच्चों व जेठ के साथ पहुंची थी लामाबाई।

पीएम के बाद सौंपे शव के हाथ पैर पर चोट के निशान थे

विधवा लमबाई ने आरोप लगाया कि पुलिस व डॉक्टर की मिलीभगत से पोस्टमार्टम होकर शव जब परिवार को सौंपा गया तो मेरे मृत पति के हाथ व पैरों में गहरे चोट के निशान थे, जबकि फांसी लगाने के बाद गले में गहरा निशान हो जाता है, वह निशान नहीं था। यह पूरी तरह से हत्या का प्रकरण है।

घटना के 15 दिन पहले हुए मामूली विवाद में कर दी पति की हत्या, अब मुझे मारने की देर रहे धमकी

उन्होंने बताया कि घटना के 15 दिन पहले मेरे पति व आरोपियों के बीच में मामूली विवाद हुआ था। जिसका दुष्परिणाम मेरे पति की हत्या के रूप में सामने आया। हत्यारे हत्या के दिन से फरार है और गांव के लोग मेरा साथ देकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं तो हत्यारे आरोपी चौकीदार के माध्यम से संदेश भेज रहे हैं कि ज्यादा कार्रवाई की तो तुझे भी मार डालेंगे। हत्यारे गांव के पटेल को माध्यम बनाकर अपना बचाव कर रहे हैं। मैं इन हत्यारों के डर के मारे मेरे जेठ के यहां रह रही हूं। लमबाई ने निष्पक्ष जांच करवाकर मेरे पति के हत्यारों को कठोर दंड दिया जाए।

रहवासी परेशान : 25 नल कनेक्शन दे दिए नपा ने, लेकिन अब तक नहीं दिया पानी

उमराली रोड स्थित साई सिटी कॉलोनी के रहवासियों ने बताया कि दो माह पहले नपा ने कॉलोनी में करीब 25 से 30 नल कनेक्शन 3-3 हजार रुपए जमा करवाकर प्रदान किए। इसके लिए अलग से 500-500 रुपए का स्टांप खर्च भी करवाया गया। लेकिन गर्मी के इस भीषण दौर में भी पिछले दो माह से पानी सप्लाई नहीं किया गया। जिसके कारण हमे हैंडपंप से पानी भरना पड़ रहा है या 400 रुपए खर्च कर हर दिन टैंकर बुलवाना पड़ रहा है। पूर्व में तीन चार आवेदन भी दिए लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम केसी ठाकुर को शाम को कॉलोनी में जाकर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। मामले में सीएमओ मिलन पटेल ने बताया कि बुधवार 9 बजे साई सिटी में पानी सप्लाई शुरु कर दिया जाएगा।

गांवों में पेयजल संकट : 17 फलियो और गांव के लोगों ने की हैंडपंप खनन की मांग

इसके अलावा गांवों में पेयजल संकट के मामले भी सामने आए। जिले के 17 फलियो व गांव मोरासा, थांदला के चूना पूना फलिया, सेजगांव निचवी फलिया, इस्डु खाम फलिया, चांंदपुर के खापर फलिया, मोरी फलिया, रोड़धु के बयड़ी फलिया, आमला, कोसारिया, पनाला के बयड़ा फलिया, बड़ी फाटा, चौकीदार फलिया, ग्राम कुंभी के माफीदार फलिया, कंथारी, ग्राम पिपलीयावाट, ग्राम पंचायत उत्ती, ग्राम टेटका के बयड़ा फलिया के ग्रामीणों ने पेयजल समस्या के निराकरण के लिए आवेदन देकर हैंडपंप खनन करने की मांग की। कलेक्टर मिश्रा ने पीएचई ईई को सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकरण के निर्देश दिए।

खबरें और भी हैं...