जम्मू | सीमा पर बिना कारण गोलीबारी कर रहे पाकिस्तानी रेंजर्स ने बीएसएफ की मुंहतोड़ जवाबी कार्रवाई के आगे घुटने टेक दिए। पाक रेंजर्स ने रविवार को जम्मू बीएसएफ फॉर्मेशन को फोन कर गोलीबारी रोकने की गुहार लगाई। दोनों पक्षों ने सीमा पर शांति और नागरिकों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा के लिए समय- समय पर बैठक करने पर सहमति जताई। बीएसएफ के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि पाक की गोलीबारी का माकूल जवाब दिया गया। इससे डरे पाक रेंजर्स ने गोलीबारी रोकने की अपील की है। पिछले दिनों सीमा पर हुई गोलीबारी में बीएसएफ के एक अफसर शहीद हो गए थे। वहीं, जम्मू क्षेत्र में चार नागरिकों की भी मौत हो गई थी।
पाक को भारी नुकसान
4 दिन से पाक रेंजर्स सीमा पर बिना कारण फायरिंग कर रहे हैं। बीएसएफ की जवाबी कार्रवाई में पाक के कई ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। एक रेंजर मारा गया। बीएसएफ ने 19 सेकंड का थर्मल इमेजरी फुटेज भी जारी किया है, जिसमें पाक चौकी को पहुंचा नुकसान दिख रहा है।