बैठक कर अखिल भारतीय क्षत्रीय महासभा के सदस्यों ने बनाई कार्यक्रम की रूपरेखा
भास्कर संवाददाता | ठीकरी
नगर में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की जिला स्तरीय बैठक रखी हुई। बैठक में महाराणा प्रताप की 478वीं जयंती पर होने वाले कार्यक्रम के संबंध में चर्चा कर तैयारियों की जिम्मेदारी दी गई। बैठक में महासभा के जिलाध्यक्ष जितेंद्रसिंह सोलंकी ने बताया कि 27 मई को नगर में चल समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें समाज के 10हजार की संख्या में समाजजन शामिल होंगे। साथ ही समाज के 10वीं व 12वीं के प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए विद्यार्थियों को शील्ड व सम्मान पत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा।
महासभा के गजेंद्रसिंह पटेल ने बताया चल समारोह में ढोल-ताशे और बैंड बाजों के साथ हाथी, घोड़े, ऊंट चलेंगे। आतिशबाजी के साथ धूमधाम से चल समारोह निकला जाएगा। कार्यक्रम में जयपालसिंह सिसोदिया शिरपुर, प्रोफेसर अनिरुद्धसिंह, अर्चना राजेंद्रसिंह मोहीपुरा शामिल होंगे।
बैठक में खरगोन, धार, अलीराजपुर जिले से भी समाजजन शामिल हुए। साथ ही बैठक में तय हुआ कि चल समारोह में सभी aसमाजजन पारंपरिक वेशभूषा कुर्ता पैजामा और साफा पहनकर शामिल होंगे। कार्यक्रम में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के साथ अखिल भारतीय युवा महासभा और अखिल भारतीय महिला महासभा भी शामिल होगी। चल समारोह के लिए खरगोन, धार व अलीराजपुर जिले में प्रचार वाहन के माध्यम से समाजजनों को सूचित किया जाएगा। चल समारोह तहसील प्रांगण से शुरू होकर पटेल फार्म हाउस तक जाएगा।