माईपुल में हजारों लोगों ने किया बैशाखी पर गिरी नदी में स्नान
ठियोग | शनिवार को बिशू की साजी के दिन ठियोग के माईपुल तीर्थ स्थल पर हजारों की संख्या में लोगों ने बैसाखी स्नान किया। देवता भूतेश्वर महाराज ने सबसे पहले प्रातः: चार बजे गिरी में जाकर स्नान किया। देवता पटरोग भी अपने कलैणों के साथ यहां पर स्नान के लिए पहुंचे। उसके बाद दिन भी यहां श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। ठियोग के विधायक राकेश सिंघा ने भी माईपुल जाकर पहुंचकर लोगों को बैसाखी की बधाई व शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर यहां भंडारे का भी आयोजन स्थानीय लोगों ने किया था। ठियोग के घरों में सजी बुरांश की मालाएं- बिशू के अवसर पर ठियोग के गावों में लोगों ने बुरांश के फूलों व पत्तियों से बनी मालाएं अपने घरों में लगाकर बिशू की साजी का स्वागत किया। इसे नव वर्ष और फसलों के लिए भी मनाया जाता है। ग्रामीण आटे के बकरे बनाकर अपने खेतों में उन्हें चढ़ाते हैं। इसके अलावा सभी देवठियों में देवी देवताओं के कलैणे अपने ग्राम देवी देवताओं के दर्शनों के लिए पहुंचें। देवता चिखड़ेश्वर, जनोग सहित सभी देवठियों में सुबह से लोगों की भीड़ देवताओं के दर्शनों व चढ़ावे के लिए लगी रही। देवता भी इस दिन स्नान करते हैँ और उनकी पूजा अर्चना कर लोग अच्छी फसलों व मौसम के ठीक रहने का वरदान मांगते हैं।