ठियोग के महासू पीक व आसपास के पर्यटक स्थलों में व्यवस्था का निरीक्षण करने के लिए एसडीएम मोहनदत्त ने इन पर्यटक स्थलों का दौरा किया। उनके साथ डीएसपी आरके बंसल भी मौजूद थे। महासू पीक में निजी वाहनों में पर्यटकों को लाए जाने की शिकायतों के बाद प्रशासन ने इसपर तत्काल रोक लगा दी है। एसडीएम ने यहां सभी व्यवसायियों से बैठक के बाद कहा कि यह गैर कानूनी है और केवल व्यवसायिक वाहनों का प्रयोग की पर्यटकों की आवाजाही के लिए किया जाए। उल्लेखनीय है कि प्रशासन को महासू पीक में निजी वाहनों के पर्यटकों को लाए जाने व यहां पर्यटकों के साथ दुर्व्यहवार की शिकायतें मिली थीं। एसडीएम ने व्यवसायियों से संगठित होकर यहां व्यवसाय चलाने के निर्देश दिए और पर्यटकों से बदसलूकी की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए भविष्य में ऐसी शिकायत न आए यह सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने यहां कार्य करने वाले दूरबीन वालों, ढाबे वालों, घोड़े वालों व अन्य व्यवसायियों के साथ बैठक कर नियमों का पालन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सभी लोग मिलजुलकर इस पर्यटक स्थल को बेहतर बनाने का प्रयास करें और स्वच्छता का ध्यान रखने पर जोर दिया। इस अवसर पर प्रशासन के अधिकारियों ने यहां व्यवसाय करने वाले लोगों को निर्देश दिए कि वे इस पर्यटक स्थल में पर्यटकों के साथ किसी प्रकार की अवांछित घटना न हो इसका उत्तरदायित्व निभाते हुए कार्य करें। उन्होंने व्यवासियों को संगठित होकर पर्यटकों की अच्छी प्रकार से आव भगत करने के अलावा पर्यटकों को दी जाने सेवाओं के लिए उनसे उचित मूल्य वसूलने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर यहां कार्य करने वाले व्यवसायियों ने प्रशासन के अधिकारियों को आश्वासन दिया कि वे हर निर्देश का पालन करेंगे। उधर बणी पंचायत के प्रधान राजेन्द्र झीना ने प्रशासन की ओर से व्यवासियों के साथ इस बैठक का स्वागत किया है।
महासू पीक पर खुली दूकानों का निरीक्षण करते एसडीएम व अन्य अधिकारी।