पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • ठियोग, कोटखाई व देहा तहसीलों में पटवारियों के 64 में से 40 पद खाली

ठियोग, कोटखाई व देहा तहसीलों में पटवारियों के 64 में से 40 पद खाली

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ठियोग उपमंडल की ठियोग, कोटखाई तहसीलों व देहा उपतहसील में पटवारियों के आधे से अधिक पद रिक्त होने के कारण इन तहसीलों के तहत आने वाली ग्राम पंचायतों के विकास के काम प्रभावित हो रहे हैं। इसके अलावा देहा उपतहसील में नायब तहसीलदार का पद भी रिक्त है और कोटखाई तहसील में तहसीलदार का पद भी कुछ महीनों से रिक्त पड़ा हुआ है जबकि नायब तहसीलदार बीमारी के कारण अस्पताल में भर्ती हैं।

ठियोग में 38 सर्कलो में 15 पटवारी

ठियोग तहसील में पटवारियों के कुल 38 पद हैं जिनमें से 23 खाली पड़े हुए हैं। इसी प्रकार कोटखाई में 19 पटवारियों के पदों में से केवल 6 ही हैं। देहा में भी पटवारियों के 8 पद हैं लेकिन पांच पद खाली पड़े हुए हैं। उल्लेखनीय है कि आजकल अवैध कब्जों को हटाने के कार्य के कारण राजस्व विभाग का स्टॉफ उसमें उलझा हुआ है जिसका असर पंचायतों के विकास कार्याे के अलावा सड़कों के निर्माण पर भी पड़ रहा है। ठियोग तहसील में एक पटवारी को दो या तीन पटवार सर्कलों का कार्य दिया गया है। ग्रामीणों को अपने पटवारखानों में पटवारी समय पर नहीं मिलता। इसके अलावा न्यायालयों के आदेशों के पालन में भी कठिनाई का सामना विभाग को करना पड़ रहा है।

पंचायतों के विकास कार्य प्रभावित

पटवारियों व अन्य राजस्व अधिकारियों की कमी के कारण पंचायतों में विकास के काम समय पर शुरू नहीं हो रहे हैं। भूमि संबंधी औपचारिकताएं पटवारी के बिना पूरी नहीं होती हैं, लेकिन क्षमता से अधिक कार्य के कारण पटवारियों के पास समय नहीं है। ठियोग के तहसीलदार एनएस वर्मा ने बताया कि उनके पास दो तहसीलों व एक उपतहसील का कार्य है। उन्होंने कहा कि स्टॉफ की कमी के कारण कार्य पूरे करने में परेशानी आ रही है और सरकार को इस बारे में जल्द कदम उठाने चाहिए।

जिला शिमला पटवार कानूनगो संघ ने उपायुक्त से त्रैमासिक बैठक में उठाई समस्याएं : ठियोग- हिमाचल प्रदेश संयुक्त पटवार कानूनगो संघ की जिला शिमला इकाई का एक प्रतिनिधिमंडल ने शिमला के उपायुक्त अमित कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित त्रैमासिक बैठक में भाग लिया। उपायुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित इस बैठक में जिला राजस्व अधिकारी मनजीत शर्मा, सदर कानूनगो बंसीलाल सहित संघ के जिला प्रधान डीके मेहता, महासचिव वेदप्रकाश वर्मा, उप्रधान सूरज भीमटा व अशोक मेहता, भीषम कंवर, विनोद कुमार राजेंद्र ठाकुर, चांदराम, जयप्रकाश शर्मा, भुवनेश्वरी देवी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस बैठक में पटवार कानूनगो संघ ने उपायुक्त के साथ विभिन्न समस्याओं व मांगों पर चर्चा की। उपायुक्त ने संघ की सभी मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार कर उन्हें पूरा करने का आश्वासन संघ के पदाधिकारियों को दिया। जिलाध्यक्ष केडी मेहता ने उपायुक्त के सकारात्मक व सहयोग पूर्ण रवैये के लिए संघ ने उपायुक्त का आभार जताया है और उम्मीद जताई कि पटवारियों व कानूनगो की सभी लंबित मांगों को जल्द निपटारा किया जाएगा। बैठक में गत दिनों जिला चंबा में पटवार सर्कल झंझाकोटी में पटवारी भगतराम की आगजनी में हुई मृत्यु पर शोक प्रकट करते हुए पीड़ित परिवार को उचित मुआवजे की मांग सरकार से की गई।

खबरें और भी हैं...