- Hindi News
- National
- अवैध रूप से शराब बेचने को रोकने पर हुई कहासुनी आरोपियों ने युवक की पीट पीटकर हत्या की
अवैध रूप से शराब बेचने को रोकने पर हुई कहासुनी आरोपियों ने युवक की पीट-पीटकर हत्या की
गांव मिर्जावालीमेर में रविवार देर रात को अवैध रूप से शराब बेचने से मना करने पर कथित शराब माफिया के लोगों से हुई कहासुनी के बाद मारपीट में एक युवक की गांव के बीचोंबीच हत्या कर दी। टिब्बी थाना सीअाई सुभाष कच्छावा ने बताया कि रविवार रात करीब 9 बजे गांव में अवैध रूप से शराब बेचने से शराब माफिया के लोगों को गांव के ही महेंद्र नायक ने रोका। इसके बाद हुई कहासुनी के बीच विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। देखते ही देखते महेंद्र की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वहीं सूचना मिलने के बाद तलवाड़ा पुलिस थाना प्रभारी रघुवीर सिंह बीका जाब्ते सहित मौके पर पहुंचे। युवक की हत्या होने के बाद गांव में सनसनी फैल गई। इस दौरान ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी लेकर हत्यारों की तलाश शुरू की। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार परिजन व ग्रामीण हत्यारों की गिरफ्तारी तक शव को नहीं उठाने पर अड़े रहे। मृतक के परिजनों ने बताया कि दिहाड़ी मजदूरी करने वाले महेंद्र को हथियारों से लैस होकर आए 5-6 शराब माफिया के लोगों ने गाड़ी में डालकर गांव के बीचोंबीच लेजाकर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस परिजनों व ग्रामीणों से रात साढ़े 11 बजे तक समझाइश के प्रयास कर रही थी।