पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • व्यवसायिक भवन में नहीं है पाॅर्किंग की व्यवस्था, आए दिन मुख्य सड़कों पर जाम

व्यवसायिक भवन में नहीं है पाॅर्किंग की व्यवस्था, आए दिन मुख्य सड़कों पर जाम

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अनियंत्रित यातायात व्यवस्था और पार्किंग की व्यवस्था न होना शहर में आए दिन दुर्घटनाओं व जाम की बड़ी वजह बन रहा है। शहर में पार्किंग व यातायात की बदहाल स्थिति ने वाहनों की चाल तो रोकी ही है साथ में सड़कें भी अतिक्रमण का शिकार हो रही है। पार्किंग के इंतजाम न होने से बाइक चालक अपनी मर्जी से कहीं भी वाहन खड़े कर देते हैं। जिससे लोगों को सड़कों पर पैदल चलना भी मुश्किल है। नपा ने सड़क तो बनवा दी, लेकिन अब तक पार्किंग की व्यवस्था नहीं कर पाई है। जिसके चलते आए दिन जाम लगता है। आबादी के साथ लगातार वाहनों की संख्या भी बढ़ रही है।

शहर में नगर पालिका ने लोगों को बड़े-बड़े व्यवसायिक भवन बनाने के लिए एनओसी तो दे दी, लेकिन उनमें पार्किंग व्यवस्था न होने से लोग सड़कों पर ही अपने वाहनों को पार्क कर रहे हैं। जिससे रोजाना जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष का कहना है कि लोगों भवन बनाने से पहले टोटल एरिया में से 40 फीसदी एरिया में वाहन पार्किंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए जाते हैं। बावजूद इसके कोई भी व्यवसायी नगर पालिका के नियमों का पालन नहीं कर रहा है।

लगभग 1.5 लाख की आबादी वाले टीकमगढ़ की नगरपालिका परिषद 27 में बटी है। शहर में जिधर नजर डालो लोग जाम में फंसे नजर आते हैं। लगभग 800 से अधिक टैक्सियां फर्राटा भर रहीं हैं। बड़े वाहनों का दबाव अलग हैं। शहर के सबसे व्यस्तम इलाके अस्पताल चौराहा व पपौरा चाैराहा और स्टेट बैंक चौराहे पर दिन में कई बार जाम लग जाता है, लेकिन इस समस्या से निपटने के लिए नगर पालिका अब तक कोई कारगर उपाय नहीं कर पा रहा है। दुकानदारों के हौसले भी लगातार बढ़ते जा रहे हैं। 50 फीट चाैड़ी सड़क दिन में सिकुड़कर मात्र 20 फीट ही रह जाती है। बाकी की सड़क पर दुकानदारों के बोर्ड आैर दो पहिया सहित फोर व्हीलर वाहनों का अतिक्रमण हो जाता है।

सड़क सुरक्षा सप्ताह भी नहीं कर पाया लोगों को जागरूक : पिछले महीने यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया गया था। जिसमें अधिकारियों ने बताया था कि लोगों को यातायात के नियमों का पालन करना सिखाया जाएगा, लेकिन इसके बाद भी शहर के लोग जागरूक नहीं हो पाए। 24 अप्रैल से 30 तक चलाए गए इस अभियान में लोगों को फूल देकर, चित्रकला व अन्य तरीकों से जागरूक किया गया। फिर भी स्थिति आज भी जस की तस है। शहर में लग रहे जाम को खत्म करने में यातायात पुलिस भी रूचि नहीं दिखा रहा है।

नपा सहयोग मांगें तो जरूर करेंगे

अभी तक नगर पालिका द्वारा शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए सहयोग नहीं मांगा है। अगर नगरीय क्षेत्र में दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा है तो नपा कलेक्टर, एसपी और एसडीएम को लिखित आवेदन देकर सहयोग मांगें। अतिक्रमण हटाने के लिए जरूर सहयोग किया जाएगा। पीएस चौहान, एसडीएम

टीकमगढ़। सैल सागर रोड पर लगा जाम। वहीं दूसरे चित्र में डिवाइडर मार्ग के बीच सड़क पर रखे बोर्ड।

यह प्रमुख स्थान जहां लगता है जाम : अवस्थी चौराहा, शैल सागर चौराहा, जवाहर चौक, अस्पताल चौराहा, लुकमान चौराहा, राजमहल रोड, सराफा बाजार, कटरा बाजार सहित कई स्थानों में पर दुकानदारों के अलावा बाइक चालकों के अतिक्रमण से लोग परेशान होने लगे हैं।

सीधी बात

लक्ष्मी गिरि, नगर पालिकाध्यक्ष

सवाल : बड़े-बड़े भवनों को एनओसी देते समय क्या वाहन पार्किंग के संबंध में जानकारी नहीं दी जाती ?

जवाब : भवनों को एनओसी देते समय 40 फीसदी एरिया पार्किंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए जाते हैं। अगर भवनों में वाहन पार्किंग की व्यवस्था नहीं है तो चिन्हित कर कार्रवाई करेंगे।

सवाल : कुछ समय पहले लाइनिंग की गई थी, लेकिन उसके बाद कार्रवाई नहीं की गई ऐसा क्यों?

जवाब : हमारा काम है शहर में पार्किंग जोन चिन्हित करना, इसके बाद की कार्रवाई यातायात पुलिस को करना चाहिए।

सवाल : सड़कों पर दुकानदार लगातार अतिक्रमण करते जा रहे हैं इसे रोकने के लिए कोई मुहिम क्याें नहीं चलाई जा रही है?

जवाब : नगर पालिका अपना काम कर रही है, जिला प्रशासन टीम गठित करते कार्रवाई करें तो हम भी तैयार हैं।

खबरें और भी हैं...