तिल्दा-नेवरा| छत्तीसगढ़ शासन ने वार्ड-1 के भाजपा पार्षद ईश्वर यदु को नगर पालिका का कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया है। नियुक्ति पत्र पालिका अधिकारी को सौंपा गया है। पालिका के नवनियुक्त कार्यवाहक अध्यक्ष जैसे ही शुक्रवार की दोपहर बाद पालिका पहुंचे, वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल माला और पटाखों से स्वागत किया। पालिका में भ्रष्टाचार को लेकर निर्दलीय पालिका अध्यक्ष महेश अग्रवाल को धारा 41 के तहत पद से 3 मई को हटा दिया गया था, जिसके बाद यदु को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया है। इस मौके पर नव नियुक्त कार्यवाहक अध्यक्ष ने भाजपा संगठन एवं शासन से मिली जवाबदारी व नगर के विकास के प्रति सदैव समर्पित रहने की बात कही है। उन्होंने नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल एवं रायपुर संसद रमेश बैस के प्रति आभार व्यक्त किया है।
पालिका के कार्यवाहक अध्यक्ष सांसद प्रतिनिधि भाजपा नेता अनिल अग्रवाल के निवास पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने जोशीला स्वागत किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सांसद प्रतिनिधि ने कहा की यह सच्चाई की जीत है। इस दौरान मंडल अध्यक्ष संतोष शर्मा, तिल्दा ग्रामीण अध्यक्ष नरसिंह वर्मा, महामंत्री विष्णु शर्मा, महामंत्री सौरभ जैन, पूर्व पालिका अध्यक्ष डॉ. कौशलेश पैकरा, हरिराम यादव, रमेश यदु, शैलेश यदु, मोचन कोसरिया, अमरजीत पासवान सहित अनेक लोग उपस्थित थे।
नपा के कार्यवाहक अध्यक्ष का स्वागत करते कार्यकर्ता।