पोरखनी से टिमरनी के बीच अतिक्रमण से निर्माण रुका
निर्माण के बीच में आ रही दो दर्जन झोपड़ियां हटेंगी, बायपास पर दी जाएगी जगह
भास्कर संवाददाता | टिमरनी
करताना से टिमरनी तक 15 किलोमीटर के सीसी रोड निर्माण पोखरनी-टिमरनी के बीच अतिक्रमण के कारण रुक गया है। 27 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले मार्ग के 9 किलामीटर हिस्से का निर्माण हो चुका है। पोखरनी-टिमरनी के बीच छह किमी मार्ग अतिक्रमण की चपेट में आने से अटक गया है। पोखरनी के पास दस फीट से बढ़कर मार्ग की चौड़ाई 20 फीट होगी। इसके अलावा दोनों ओर 5-5 फीट का फुटपाथ बनना है। अतिक्रमण हटाकर निर्माण शुरू करवाने की कार्रवाई पर प्रशासन का ध्यान नहीं है।
छह किमी के मार्ग निर्माण में दो दर्जन से ज्यादा अतिक्रमण हैं। मार्ग निर्माण के लिए प्रशासन अतिक्रमण हटाने में रूचि नहीं ले रहा है। नगर पंचायत के वार्ड 3 में कई परिवार सड़क किनारे झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं। विभागीय अधिकारियों ने प्रशासन को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने पत्र लिखा है। जिस पर अब तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।