पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 215 कर्मियों ने की शिकायत, अनुपस्थित रहने पर छीपानेर प्राचार्य पर होगी कार्रवाई

215 कर्मियों ने की शिकायत, अनुपस्थित रहने पर छीपानेर प्राचार्य पर होगी कार्रवाई

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता| हरदा/टिमरनी/ खिरकिया

आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देश पर शिक्षा विभाग के कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए परिवेदना शिविर आयोजित किया। लेकिन यह शिविर महज औपचारिक साबित हुआ। स्कूल की छुट्टियां होने के कारण अधिकांश शिक्षक शिविर में ही नहीं पहुंचे। जिले की तीनों विकासखंड में सिर्फ 215 कर्मचारियों ने शिकायतें दर्ज कराई हैं। इसमें हरदा में 70, खिरकिया में सबसे अधिक 109 और टिमरनी में 36 कर्मियों ने शिकायत की। जबकि जिले में ढाई हजार के लगभग कर्मचारी हैं।

जिले की तीनों उत्कृष्ट स्कूल में ब्लॉक स्तरीय विभागीय शिक्षक परिवेदना शिविर का आयोजन शुक्रवार किया। शिविर में सुबह 10.30 से शाम 5.30 बजे तक लगा। इसमें शिक्षकों ने लिखित आवेदन देकर अपनी समस्याओं के बारे में बताया। इसमें संकुलवार टेबल लगाए थे। तीनों विकासखंडों में 25 संकुल हैं। इसमें हरदा में 9, खिरकिया में 6 और टिमरनी में 10 संकुल हैं। शिविर में अध्यापकों, शिक्षकों, कर्मचारियों द्वारा वरिष्ठता निर्धारण, क्रमोन्नति, अंशदान कटौत्री, वेतनवृद्धि, अवकाश व वेतन संबंधित शिकायतें आईं।

टिमरनी। परिवेदना शिविर में समस्या बताते शिक्षक।

छीपानेर संकुल प्राचार्य ज्योति रोहित रहीं अनुपस्थित

शिविर में ब्लॉक के सभी संकुल प्राचार्यों की ड्यूटी लगाई थी। जिन्हें विभाग द्वारा आवश्यक रूप से मौजूद रहने के निर्देश दिए थे। जबकि टिमरनी में लगे शिविर में छीपानेर संकुल की प्राचार्य ज्योति रोहित अनुपस्थित रहीं। शिविर में मॉनिटरिंग के लिए पहुंचे नर्मदापुरम संभाग उप संचालक एलएल सुनानिया व जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय हरदा से सहायक संचालक एलएल वर्मा ने निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिलीं संकुल प्राचार्य के विरुद्ध कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन बना प्रस्तावित किया।

तीन चरणों में होगा शिकायतों का निराकरण

जानकारी के अनुसार कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण तीन स्तर पर होगा। आवेदन संकुल स्तर प्रभारियों के पास जमा होने के बाद कंप्यूटर पर उनकी समस्या फीड की जाएगी। इसमें पहले स्तर पर डीईओ 28 मई तक समस्या का समाधान करेंगे। इसके बाद 2 जून तक संभागीय संयुक्त संचालक द्वारा समस्या का समाधान किया जाएगा। यहां भी समस्या का समाधान नहीं होने से उसे राज्य स्तर पर भेजा जाएगा।

वंचित शिक्षकों की वेदना कौन सुनेगा

शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की समस्या निवारण के लिए ऐसे समय शिविर का आयोजन किया है, जब स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां चल रही है। स्कूल बंद होने से जो शिक्षक बाहर हैं, वे अपने घर चले गए हैं। जो शिक्षक स्थानीय या आसपास के रहने वाले हैं, वे ही शिविर में अपनी समस्या लेकर पहुंचे थे। अब सवाल यह उठता है कि स्कूलों में गर्मी की छुट्टी होने की जानकारी खुद शिक्षा विभाग को भी है। बावजूद इसके शिक्षक परिवेदना शिविर का आयोजन किया। जो शिक्षक शिविर से वंचित रह गए हैं। अब उनकी वेदना कौन सुनेगा।



सभी शिक्षकों को जानकारी दी गई थी

विभाग द्वारा पूर्व से ही शिविर के संबंध में निर्देश दिए थे। सभी शिक्षकों को जानकारी है। छीपानेर संकुल प्राचार्य अनुपस्थित पाई गईं, उनके विरुद्ध कार्रवाई होगी। एलएल सुनानिया, उप संचालक, शिक्षा विभाग नर्मदापुरम संभाग

खबरें और भी हैं...