शाम को एक से डेढ़ घंटे देरी से सप्लाई हो रहा पानी
टिमरनी| भीषण गर्मी के दौर में नगर परिषद द्वारा पानी की सप्लाई में लापरवाही बरती जा रही है। तय समय से शाम को एक से डेढ़ घंटे देरी से पानी की सप्लाई की जा रही है। इस कारण लोगों को पानी का इंतजार करना पड़ रहा है। परिषद द्वारा नगर में शाम 5.50 से 6 बजे के बीच पानी की सप्लाई की जाती थी, लेकिन अब पानी शाम 7 से 7.30 बजे के बीच किया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार नगर परिषद जल शाखा प्रभारी राजाराम कुशवाह ने बताया परिषद से मंडी और न्यू मार्केट स्थित टंकियों से पानी सप्लाई की जाती है। इन टंकियों के लोड होने के बाद ही सप्लाई शुरू होती है। बीते दिनों टंकियों के वाॅल्व खराब हो गए थे। इस कारण समस्या आई। अब वाॅल्व बदले जा चुके है, लेकिन सप्लाई शुरू होते समय बिजली की परेशानी रहती है, कटौती से दिक्कतें आ रही है।