पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • नप के 3 में से 1 कचरा वाहन का इंजन एक माह से खराब, दो के भरोसे 15 वार्ड

नप के 3 में से 1 कचरा वाहन का इंजन एक माह से खराब, दो के भरोसे 15 वार्ड

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एक ओर स्वच्छता सर्वे में इंदौर और भोपाल ने देशभर में पहले व दूसरे नंबर पर आकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। वहीं दूसरी ओर नगर के स्वच्छता अभियान में लापरवाही की पोल खुल गई है। 3 में से 1 कचरा वाहन का इंजन एक माह से खराब है। इस कारण दो वाहनों के भरोसे पूरा शहर है। इससे कई वार्डों में कचरा वाहन एक से दो दिनों में पहुंच रहे हैं।

नगर में घर-घर कचरा संग्रहण सेवा में नगर परिषद का एक वाहन खराब होने से लडख़ड़ा गई है। इस कारण नगर के कई गलियों, मोहल्लों में परिषद के वाहन एक से दो दिनों के अंतराल में कचरा संग्रहण करने पहुंच रहे हैं। इससे नागरिकों को घर में ही कचरा इकट्ठा कर गाड़ी के आने इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं लोगों का कहना है जब कचरा संग्रहण करने गाड़ी आती है तो लाउड स्पीकर पर स्वच्छता का संदेश देते हुए जल्दी से आगे निकल जाती है। गाड़ी में लगे लाउड स्पीकर से स्वच्छ टिमरनी- स्वस्थ टिमरनी, क्लीन टिमरनी- ग्रीन टिमरनी का संदेश सुनकर लोग अपने घर से कचरा लेकर वाहन में डालने आते हैं। तब तक कचरा वाहन आगे बढ़ जाता है।

टिमरनी। कचरा संग्रहण करते वाहन।

वाहन चालक व हेल्पर नियुक्त

नगर परिषद से कचरा संग्रहण करने वाले वाहन पर एक चालक और एक हेल्पर नियुक्त किया है। रहवासी संजय, राजेश, सलीम, रजनी, सुमन ने बताया परिषद से पहले रोज वाहन कचरा लेने आता था, लेकिन अब दो दिन के बाद आ रहा है। जब तक घर से कचरा लेकर बाहर आते हैं, तब तक वाहन आगे निकल जाता है। कई बार ऐसी भी स्थिति बनती है कि जब वाहन में अधिक मात्रा में कचरा होने से वाहन कर्मचारी लोगों को एक-दो दिन बाद गाड़ी आने का कहकर कचरा लेने से मना कर देते हैं। इस कारण लोगों को कचरा घर में ही रखकर गाड़ी आने इंतजार करना पड़ रहा है।

वाहन सुधरवाने बाहर भेजा है

घर-घर कचरा संग्रहण सेवा नगर में चल रही है। दो वाहन इस काम में लगे हैं। एक वाहन के इंजन में खराबी आने से वह सुधरवाने बाहर भेजा है। गायत्री गोयल, अध्यक्ष, नपं टिमरनी

कचरा वाहन सुधरने इटारसी भेजा

नगर परिषद ने घर-घर कचरा संग्रहण सेवा के लिए बीते साल तीन पिकअप वाहन खरीदे थे। इनमें से एक वाहन करीब एक माह से खराब पड़ा है। जानकारी के अनुसार वाहन के इंजन में गड़बड़ी होने से वह बंद है, लेकिन परिषद से इतने दिन बीतने के बाद भी उसे ठीक कराने कोई ध्यान नहीं दिया है। बुधवार को ही वाहन को मरम्मत के लिए इटारसी भेजा है। जब तक वाहन सुधरकर नहीं आता, तब तक शेष दो अन्य वाहनों से ही नगर में कचरा संग्रहण किया जाएगा।

2 वाहनों पर 15 वार्डों की जिम्मेदारी

नगर में 15 वार्ड है। परिषद से घर-घर कचरा संग्रहण के लिए तीन कचरा वाहन चलाए जा रहे थे। इनमें एक वाहन पर 5 वार्डों की जिम्मेदारी थी। लेकिन एक वाहन खराब होने से अब दो वाहनों को ही पूरी जिम्मेदारी संभालना पड़ रही है। नगर के वार्डों में ये वाहन सुबह, तो कहीं दोपहर में कचरा संग्रहण के लिए पहुंच रहे हैं। दो वाहन होने से ये सभी वार्डों में नहीं जा पा रहे हैं, इसलिए कुछ वार्डों में एक से दो दिनों में पहुंच रहे हैं।

खबरें और भी हैं...