कोयले की मांग को लेकर मजदूरों ने किया चार घंटे तक सड़क जाम
अलकडीहाजीनागोरा लोडिंग प्वाइंट के असंगठित मजदूरों ने शुक्रवार को ट्रक लोडिंग के लिए कोयले की मांग को लेकर कांटा घर के समीप साउथ तिसरा भागा मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण चार घंटे तक क्षेत्र के साइडिंग, एमपीएल, रोड सेल के तहत होने वाली कोयला ट्रांसपोर्टिंग ठप हो गई। जिससे बीसीसीएल के डिस्पैच पर प्रभाव पड़ा। सूचना पाकर पीओ केके सिंह, क्षेत्रीय विक्रय प्रबंधक ओमप्रकाश प्रसाद, एके पांडेय सड़क जाम स्थल पहुंचकर मजदूरों को ट्रक लोडिंग के लिए पर्याप्त कोयला आपूर्ति करने का आश्वासन दिया। अधिकारी के आश्वासन के बाद मजदूरों ने आंदोलन समाप्त किया। मजदूरों ने कहा कि ट्रकों में कोयला लोडिंग के लिए एक सप्ताह से कोयला नहीं मिल रहा है। ट्रक लोडिंग के नहीं होने के कारण मजदूरों के समक्ष भुखमरी की समस्या उत्पन्न हो गई है। फलतः विवश होकर हम मजदूरों को आंदोलन का रास्ता अख्तियार करना पड़ा। आंदोलन में सरजू महतो, भरत यादव आदि थे।