कार्रवाई के दौरान क्लीनिक नहीं दिखा पाए प्रमाण पत्र
भास्कर न्यूज | तिसरी
तिसरी प्रखण्ड मुख्यालय स्थित राजकीय अस्पताल के कैम्पस के सामने स्थित वर्णवाल क्लीनिक गुमगी के गायत्री मेडिकल हॉल और चांसी दवाखाना, सिंघो पंचायत के केजीएन क्लीनिक में तिसरी बीडीओ सुनील प्रकाश और राजकीय अस्पताल तिसरी के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अवधेश कुमार ने संयुक्त रूप से छापामारी की। क्लीनिक में क्या क्या उपलब्ध है। छापामारी के दौरान कई प्रकार के सर्टिफिकेट की मांग की गई। किसी ने कोई प्रमाण पत्र नहीं दिखाया। क्लीनिक संचालक रणजीत बर्णवाल ने कहा कल प्रमाण पत्र कार्यालय में पहुंचा देंगे। बीडीओ सुनील प्रकाश ने मीडिया को बताया कि छापामारी सरकार के प्रधान सचिव, स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग रांची के निर्देशानुसार गिरिडीह जिला उपायुक्त के निर्देश पर तिसरी प्रखण्ड के सभी पंचायतों में फर्जी क्लीनिक चलाने वाले और फर्जी डॉक्टर का सर्टिफिकेट लगाकर प्रेक्टिस करने वाले झोला छाप डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है । जिस डॉक्टर के पास डॉक्टर होने का प्रमाण पत्र नहीं है या फर्जी प्रमाण पत्र दिखाकर रुपये की लालच में मरीजों का इलाज कर उसकी जान ले रहा है उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए क्लीनिक को सील किया जायेगा । इस मौके पर एमपीडब्ल्यू निर्मल कुमार, तिसरी प्रखण्ड कार्यालय के कम्प्यूटर ऑपरेटर बिक्की सिन्हा, मिथलेश कुमार समेत कई लोग शामिल थे । हालांकि सूत्रों ने बताया अधिकारी छापामारी करके सिर्फ एक कोरम पूरा कर रहे हैं। छापामारी का मतलब है कागजात फर्जी पाये गए तो साथ साथ क्लीनिक सील करते हुए गिरफ्तारी होती। ताकी फर्जी कागजात नहीं दिखता और झूठा सच्चा पैरवी नही लग पाता ।
छापामारी में शामिल अधिकारी।