हजारों भक्तों ने किए बालाजी के दर्शन
महाबली की पावन नगरी श्री मेहंदीपुर बालाजी महाराज के दर्शनों के लिए रविवार को श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। देश के कोने-कोने से यहां पहुंचे श्रद्धालुओं ने श्री बालाजी महाराज के दरबार में मत्था टेक कर अपनी व अपने परिजनों की खुशहाली के लिए मन्नतें मांगी। इस दौरान भक्तों के द्वारा लगाए गए जयकारों से दिन भर पावन नगरी गुंजायमान होती रही।
आस्थाधाम मेहंदीपुर बालाजी में शनिवार से ही भक्तों का जमावड़ा बना हुआ है और शनिवार को बालाजी महाराज की शयन आरती के बाद सुबह मंगला की आरती में भक्तों भारी हुजूम देखा गया। देश के विभिन्न अंचलों से बालाजी धाम पहुंचे भक्तों ने सुबह आरती के छींटे लेने के बाद जैसे ही कतारों में लगना शुरू किया मंदिर के दोनों ओर लंबी कतारें लग गई। इन कतारों में खड़े रह कर घंटों इंतजार के बार इन श्रद्धालुओं ने अपने आराध्य के दरबार में जैसे ही मत्था टेका उनके चेहरे खुशी से झूम उठे। भक्तों ने श्री बालाजी महाराज समक्ष अरदास कर अपनी व अपने परिवार की खुशहाली के लिए मन्नतें मांगी। श्री बालाजी महाराज व महंत किशोरपुरी जी महाराज के जयकारों से दिन भर पावन नगरी गुंजायमान होती रही। मंदिर के सामने महंत किशोरपुरी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से भक्तों को दाने-नमकीन की प्रसादी बांटी गई जिसे पाकर श्रद्धालु प्रफुल्लित नजर आए।
भगवतगढ़ में चतुर्दशी पर अरणेश्वर महादेव शिवकुंड में भक्तों का तांता
भगवतगढ़| अरणेश्वर महादेव शिवकुंड पर रविवार को चतुर्दशी स्नान की धूम रही। श्रद्धालुओं ने शिवकुंड में पवित्र स्नान के बाद भगवान अरणेश्वर की पूजा की तथा अभिषेक कर मनौतियां मांगी। इस अवसर पर भजन कीर्तन एवं पूजा पाठ की धूम भी रही। वहीं आयोजित भंडारे में सैकडों श्रद्धालुओं ने भगवान की प्रसादी ग्रहण की। सोमवार को अमावस्या होने के कारण विशेष पूजन एवं भजन कीर्तन भी आयोजित होंगे। चतुर्दशी को शिवकुंड पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई थी। दोपहर तक सैकडों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भोले बाबा के दर्शन किए तथा अरणेश्वर की पूजा की। श्रद्धालुओं ने दीपदान कर दान पुण्य किया। चतुर्दशी पर दिनभर भोले बाबा के जयकारों से शिवकुंड परिसर गुंजायमान रहा। त्रयोदशी की रात को जागरण एवं कीर्तन का कार्यक्रम हुआ, जिसमें रातभर भजन मंडलियों ने भजन प्रस्तुत कर सुर सरिता का प्रवाह किया।