2900 परिवारों के खातों में पहुंची अनुदान राशि
उपखंड क्षेत्र की 42 ग्राम पंचायतों में 6604 ग्रामीणों का शौचालय निर्माण के लिए बजट के अभाव में अटका हुआ अनुदान राशि का भुगतान उनके बैंक खातों में पहुंचना शुरू हो गया है। पंचायत प्रशासन के अनुसार बजट आने के बाद 2893 ग्रामीण परिवारों के अनुदान राशि की ओटीपी लगा दी गई है और जिससे इनके बैंक खातों में अनुदान राशि का पहुंचना शुरू हो गया है। कई महिनों से अटकी पड़ी अनुदान राशि को लेकर 10 मार्च को दैनिक भास्कर में छपी खबर बजट नहीं मिलने से टोडाभीम क्षेत्र में 6604 परिवारों की अटकी अनुदान राशि, के बाद सरकार का इस ओर ध्यान आकर्षित हुआ था।
उपखंड क्षेत्र की 43 ग्राम पंचायतों में से 42 ग्राम पंचायतों में कार्मिकों के द्वारा सरकार के स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से गांव-गांव और ढाणियों में ग्रामीणों को अपने घर में शौचालय निर्माण के लिए प्रोत्साहित करते हुए ग्रामीणों को शौचालय निर्माण के लिए सरकार द्वारा 12 हजार रुपए अनुदान राशि दिए जाने का वादा किया था जिसका परिणाम भी सामने आया और क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतें कुछ महिनों में ही ओडीएफ घोषित हो गई। ऐसे में क्षेत्र के 6604 परिवारों के द्वारा अपने घर में शौचालय का निर्माण कराए जाने के कई महीनंे बीत जाने के उपरांत भी अनुदान राशि नहीं मिल पाई। इस संबंध में 10 मार्च को दैनिक भास्कर में छपी खबर के बाद प्रशासन हरकत में आया और इसके लिए बजट आने के बाद पंचायत समिति प्रशासन द्वारा ओटीपी लगाना शुरू कर दिए। पंचायत प्रशासन के अनुसार 29 मार्च से 13 अप्रैल तक 2893 लाभार्थियों की ओटीपी जारी कर दी गई है।
शेष होगा शीघ्र भुगतान
विकास अधिकारी रश्मि मीना ने बताया कि अधिकाश फार्मों का फिजीकल हो गए है। फाइनेंशियल अप्रूव्ड नहीं होने से भुगतान की गति धीमी हो पा रही है। उन्होंने बताया कि शेष बचे लाभार्थियों का शीघ्र ही भुगतान करा दिया जाएगा।