उज्जवला योजना में जिले की 30 पंचायतों के 39 गांव होंगे धुआं रहित
भारतीय तेल कंपनियां 20 अप्रैल को उज्जवला दिवस मनाएंगी। इसके अंतर्गत जिले में इन कंपनियों के 30 डीलर 30 ग्राम पंचायतों में एलपीजी पंचायतें लगाकर 39 गांवों को धुआं रहित बनाया जाएगा। एलपीजी के जिला नोडल अधिकारी मोहित मारकना ने बताया कि भारत सरकार 14 अप्रैल से 5 मई तक ग्राम स्वराज अभियान चला रही है। इसके अंतर्गत 20 अप्रैल को भारतीय तेल कंपनियों उज्जवला दिवस मनाएंगी और एलपीजी पंचायतों का आयोजन होगा। इसका उद्देश्य कुछ सीखे, कुछ सिखाएं है।
प्रारंभिक रिफिल छह गैस सिलेंडरों पर मिलेगी सब्सिडी
करौली. एलपीजी पंचायतों की जानकारी देत जिला नोडल अधिकारी मोहित मारकना एवं टीकाराम मीना।
मारकना ने बताया कि तेल एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय भारत सरकार द्वारा महिलाओं के लिए उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन बांटे जाने का निर्धारित लक्ष्य लिया गया है। इसके तहत आयोजित पंचायतों में महिलाओं से फॉर्म भरवाए जाएंगे और उन्हें गैस कनेक्शन उपलब्ध करवाया जाएगा। हर पंचायत पर 100 से अधिक महिलाएं पंचायत में भाग लेकर सुझाव देंगी। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, अध्यापिका एवं अन्य भी इन पंचायतों में भाग लेंगी। इसी के साथ पंचायत में सुरक्षा संबंधी जानकारियां भी दी जाएंगी। इसी के साथ मारकना ने बताया कि 1 अप्रैल से चालू हुई विस्तृत उज्ज्वला योजना के तहत 7 नई श्रेणियों को भी इसमें जोड़ा गया है। इसी के साथ ग्राम स्वराज योजना के अंतर्गत जिले की 39 गांवों को चूल्हा रहित बनाया जाएगा। करौली के एलपीजी वितरक टीकाराम मीना ने बताया कि अब तक करौली जिले में 80365 फार्म भरे जा चुके हैं और उनमें से 67776 को गैस कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। इस वित्तीय वर्ष से जो इस योजना के अंतर्गत कनेक्शन ले चुकी है या आगे लेंगी उनकी प्रारंभिक 6 रिफिल गैस सिलेंडरों पर सब्सिडी दी जाएगी।