पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सरकार ने नहीं सुनी,भामाशाहों ने 15 दिन में ही बुझा दी खेड़ी की प्यास

सरकार ने नहीं सुनी,भामाशाहों ने 15 दिन में ही बुझा दी खेड़ी की प्यास

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
उपखंड के समीप ग्राम पंचायत मुख्यालय खेड़ी में कोली, प्रजापत व कंडेरा बस्ती में दशकों से व्याप्त पेयजल संकट से परेशान ग्रामीण सरकार और प्रशासन को अवगत कराते-कराते थक गए लेकिन इनकी आवाज प्रशासन के कानों तक नहीं पहुंच पाई। पेयजल संकट से जूझ रहे इन ग्रामीणों की परेशानी को देख गांव के कुछ भामाशाहों ने अपने स्तर पर इनकी व्यवस्था करने की ठानी और एक पखवाड़े में ही इन मोहल्लों के बाशिंदों की प्यास बुझा कर ही दम लिया। शनिवार को पूजा अर्चना करने के बाद इस परियोजना का जैसे ही उपसरपंच महेश शर्मा व समाजसेवी विश्राम अकाउंटेंट ने शुभारंभ किया तो मोहल्ले के लोग खुशी से झूम उठे।

टोडाभीम उपखंड-पंचायत समिति तथा विभागीय अधिकारियों के अनदेखी से उदास ग्रामीणों ने बैठक की, वार्ड पार्षद लखनलाल मीना ने अपने ट्यूबवेल से जलापूर्ति का प्रस्ताव रखा, समाजसेवी विश्राम मीना ने पाइप लाइन बिछवाने की जिम्मेदारी ली, युवकों की टीम ने योजना का खाका तैयार कर दिया मूर्त रूप

टोडाभीम. खेड़ी में भामाशाहाें के सहयोग से शुरू की गई जल परियोजना का वाल खोल कर शुभारंभ करते समाजसेवी विश्राम मीना व उपसरपंच महेश शर्मा

वाल्व खोलने के साथ ही खुशी से झूमे ग्रामीण, पहले दिन 3 बस्तियों में 47 कनेक्शन

गांव खेड़ी की कोली बस्ती, प्रजापत बस्ती तथा कंडेरा बस्ती के ग्रामीणों के समक्ष दशकों से पेयजल संकट बना हुआ था। इसको लेकर ग्रामीण लगातार उपखंड प्रशासन, पंचायत समिति प्रशासन तथा विभागीय अधिकारियों के यहां लगातार चक्कर लगा रहे थे लेकिन इनकी मांग पर किसी ने भी ध्यान नहीं दिया। इन मोहल्लों की महिलाएं अलसुबह अपने कंधों पर मटकियां लेकर पानी की जुगत में निकलते और जहां भी खेतों में सिंचाई के उपयोग के लिए ट्यूबवेल चलती दिखाई देती वहीं से पानी लाकर अपने परिवार की प्यास बुझाती। ग्रामीणों की इस समस्या को लेकर एक पखवाड़े पूर्व गांव के कुछ लोगों की बैठक हुई। इसमें वार्ड पार्षद लखनलाल मीना ने अपने निजी बोर से इस मोहल्लों को पानी मुहैया कराए जाने बात रखने पर समाजसेवी विश्राम मीना ने मोहल्ले में कुंडा निर्माण कराए जाने के साथ ही ट्यूबवेल से कुंडे तक पाइप लाइन बिछवाने की बात रख दी। बैठक के बाद उपसरपंच महेश शर्मा, विजय मास्टर, हेमराज, भप्पूराम, रमन ठेकेदार, रामहरि महावर, दशरथ प्रजापत, जगदीश, दिनेश सहित युवकों की टीम ने इस परियोजना का खाका तैयार किया और एक ही पखवाड़े में ही इस परियोजना को मूर्त रूप देकर दम लिया। शनिवार को सुबह वार्डपंच लखनलाल मीना के ट्यूबवेल से कुंडे तक पानी पहुंचाने के बाद जैसे ही कुंडे पर लगे वाल्व को उपसरपंच महेश शर्मा व भामाशाह मीना ने पूजा अर्चना कर खोला इन तीनों बस्ती के लोग खुशी से झूम उठे। परियोजना के पहले चरण में 47 लोगों को कनेक्शन दिए गए हैं।

24 घंटे होगी जलापूर्ति, बिजली का बिल व मरम्मत कार्य की भी जिम्मेदारी तय

भामाशाहों के प्रयास से शुरू हुई तीन मोहल्लों में पेयजल आपूर्ति 24 घंटे रहेगी। इस परियोजना को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले वार्डपंच लखन मीना, विश्राम मीना, विजयसिंह मास्टर ने बताया कि पेयजल आपूर्ति के जिस निजी ट्यूबवेल का उपयोग होगा वह वार्डपंच लखनलाल मीना का है जो स्वयं अपने स्तर ट्यूबवेल का बिजली का बिल जमा कराएगा। पाइप लाईन की मरम्मत कार्य व कनेक्शन की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी समाजसेवी विश्राम मीना की रहेगी। पानी व्यर्थ बर्बाद नहीं हो इसके लिए भी कमेटी का गठन किया गया है। परियोजना के शुभारंभ पूजा अर्चना के साथ किया गया जिसमें स्थानीय ग्रामीण पंच-पटेल एवं प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...