मेहंदीपुर बालाजी में पुरुषोत्तम मास में होंगे विभिन्न धार्मिक
उत्तर भारत के प्रमुख सिद्धपीठ श्री मेहंदीपुर बालाजी महाराज की नगरी में बुधवार से आरंभ हो रहे पुरुषोत्तम मास के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों का विशेष महत्व होने के कारण महंत श्री किशोरपुरी जी महाराज के सानिध्य में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा।
प्रतिनिधि दीपक गुप्ता ने बताया कि एक माह तक चलने वाले पुरुषोत्तम मास के दौरान महंत किशोरपुरी जी महाराज के सानिध्य में संचालित विभिन्न धार्मिक आयोजनों की कड़ी में 108 श्रीमद् भागवत कथा, 108 तुलसीकृत रामायण व बाल्मीक रामायण का पठन, गीता के पठन, शिव तांडव, शिव महिमन रुद्री के मंत्रोच्चारण के साथ गंगाजल से भगवान श्री भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। इन धार्मिक अनुष्ठानों को आचार्य मनोज शास्त्री के नेतृत्व में विद्वान पंडितों के द्वारा मूर्त रूप दिया जाएगा।
मंदिर ट्रस्ट की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न सामाजिक सरोकार जैसे आयोजनों के तहत इस मास में महंत किशोरपुरी चिकित्सालय में चिकित्सकों की भी विशेष व्यवस्था की गई जिसमें यहां उपचार के लिए आने वाले मरीजों का निशुल्क उपचार किया जाएगा। आस्थाधाम में पूरे माह विभिन्न स्थानों पर लंगर प्रसादी के साथ ही मीठे पानी तथा यज्ञ स्थलों पर प्रसादी वितरण की जाएगी। मंदिर में सन 1972 से संचालित अखंड संकीर्तन में कीर्तन करने वालों की संख्या भी बढ़ाई गई है।