टोडाभीम. देवलेन व बौंल के सीमा विवाद के विरोध में ग्रामीणों ने शुक्रवार देवलेन में न्याय आपके द्वार शिविर का विरोध किया। ग्रामीणों ने अटल सेवा केंद्र पर ताला जड़ दिया। ग्रामीणों को समझाते हुए एसडीओ जगदीश आर्य।
भास्कर न्यूज | टोडाभीम
उपखंड के गांव देवलेन में शुक्रवार को राजस्व लोक अदालत न्याय आपके द्वार शिविर हुआ। एसडीओ जगदीश आर्य सहित शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं को जानने के लिए पहुंचे विभागीय अधिकारियों को कई वर्षों से चल रहे सीमा विवाद को लेकर विरोध का सामना करना पड़ा। इन ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए अटल सेवा केन्द्र पर ताला जड़ दिया।
एसडीएम की समझाइश पर माने
देवलेन में शुक्रवार को अटल सेवा केन्द्र पर राजस्व लोक अदालत न्याय आपके द्वार शिविर का आयोजन था और इसके लिए सुबह 9 बजे एसडीओ जगदीश आर्य, नायब तहसीलदार हरकेश मीना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कार्मिक गांव में जा पहुंचे लेकिन गांव देवलेन व बौंल के बीच चल रहे सीमा विवाद को लेकर ग्रामीणों ने अटल सेवा केन्द्र पर ताला जड़ कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। शिविर का विरोध रहे इन ग्रामीणों को एसडीओ जगदीश आर्य ने समझाबुझा कर शांत कराकर अटल सेवा केन्द्र का ताला खुलवाने के बाद शिविर शुरू कराया। शिविर में तीन दावे, एक इंद्राज दुरुस्ती, 34 नामांकन, 2 बंटवारे, 35 नकल व 35 अन्य प्रकरणों का निस्तारण किया गया।