पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • एेतिहासिक टोडारायसिंह को कब मिलेगा पर्यटन स्थल का दर्जा

एेतिहासिक टोडारायसिंह को कब मिलेगा पर्यटन स्थल का दर्जा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कस्बे में एक से बढ़कर एक ऐतिहासिक स्थल होने के बावजूद अभी तक टोडारायसिंह को पर्यटन स्थल घोषित नहीं किया गया है। इस कारण यहां की बहुमूल्य धरोहरें सार-संभाल के अभाव में जीर्णशीर्ण होकर नष्ट होने के कगार पर हैं। टोडारायसिंह के तत्कालीन राजा टोडरमल के इतिहास से जुड़ा हुआ ऐतिहासिक शहर होने से यहां की धरोहरों की काफी महत्ता है। यहां के ऐतिहासिक महल में नौ हाथ के छज्जे, गुफाएं, बारहदरी, प्राकृतिक फव्वारे, मुगलकालीन कलाकृति से सुशोभित हैं। कस्बे में ही हाडीरानी के कुंड की सीढ़ियों की बनावट आकर्षक है। इस कुंड पर पहेली फिल्म के लिए अभिनेता शाहरुख खान व अभिनेत्री रानी मुखर्जी की शूटिंग भी हो चुकी है। कई राजस्थानी एलबम भी बनाए जा चुके हैं। वर्तमान में इसकी सार-संभाल का जिम्मा पुरातत्व विभाग का है। पीपाजी का मंदिर अपने आप में एक कला का मंदिर है। मंदिर में जड़ित पत्थरों की विशेष कारीगरी देख लोग अभिभूत होते हैं। इसके पत्थरों पर मीनाकारी देखते ही बनती है। पहाड़ की तलहटी पर बुधसागर झील को देखने वाले पर्यटकों का तांता लगा रहता है। खारोलाव सागर के मध्य में कुशाल बाग है जो कि आज देखरेख के अभाव में नष्ट हो रहा है। इसी प्रकार प्रमुख स्थल आम सागर, कालाकोट मंदिर, कल्याणजी का मंदिर, चोर बावड़ी, सारड़ा बावड़ी, भोपत बावड़ी, कींगसी बावड़ी, भूतेश्वर मंदिर, गढ़ के बालाजी, नीम की खान, गोकर्णेश्वर मंदिर, पर्वतीय गुफा भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र हैं। वहीं कस्बे से 13 किमी दूर बीसलपुर महादेव के मंदिर व बीसलपुर बांध पर प्रतिवर्ष हजारों सैलानी भ्रमण के लिए आते हैं। टोडारायसिंह को पर्यटन स्थल घोषित करने पर यहां की इन धरोहरों की सार-संभाल हो सकेगी और ये इमारतें सुरक्षित भी बनी रहेंगी। यहां के विधायक ने सीएम से हर बार बजट से पूर्व मांग की है। यहां तक टोडारायसिंह को पर्यटन स्थल घोषित कराने के लिए यहां के ऐतिहासिक स्थलों की खासियत व उनके फोटोग्राफ की बुकलेट जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री वसुंधराराजे को भिजवाई गई है। इस बार भी बजट में पर्यटन स्थल की घोषणा नही कर यहां के लोगों को निराश किया है।

बीसलपुर स्थल जहां पर सैलानियों का लगा रहता है तांता

खबरें और भी हैं...