कस्बे के वार्ड नंबर 11 व 12 में पेयजल संकट का समाधान नहीं करने पर गुस्साएं वार्ड के महिला पुरुषों ने पार्षद रामस्वरूप रेगर की अगुआई में गुरुवार को भी सुबह दोनों वार्डों के अलग अलग रास्ते में जाम लगा कर प्रदर्शन किया। इससे आमने सामने से आ रहे वाहन चालकों की कतारे लग गई। तभी एक घंटे बाद एसडीएम साधुराम जाट के निर्देश पर जलदाय के जेईएन ने मौके पर पहुंच कर स्थायी समाधान का भरोसा दिलाया तब जाकर रास्ते के अवरोधकों को हटाया।
कस्बे के वार्ड नंबर 11 व 12 में बुधवार के आश्वासन के बाद भी नलों में पानी नही पहुंचा तो वार्डवासियों ने सुबह 7 बजे वार्ड 11 में इमाम चौक के पास व वार्ड 12 के रास्ते पर अवरोधक लगाकर रास्ता जाम कर दिया तथा खाली मटकिया लहरा कर प्रदर्शन किया। रास्ता जाम करते ही सडक के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पडा। उधर सूचना पाकर एसडीएम साधुराम जाट के निर्देश पर मौके पर पहुंचे जलदाय के जेईएन केदार मीणा व पुलिस के सीआई उदय सिंह ने समझाइस की, लेकिन वे अपनी पानी की मांग पर अडे रहे। वार्डवासियों ने उन्हें बताया कि बुधवार को समस्या समाधान करने का आवश्वासन देने के बावजूद कोई कार्यवाही नही की गई है। अभी भी दोनों वार्ड में पेयजल संकट बरकरार है। रमजान का महिना शुरू हो गया है। इससे पेयजल का समाधान होना आवश्यक है। इस दौरान एक वृद्ध महिला ने तो यहां तक बताया कि पानी नही आने से गत 7 दिनों से वो नहाई नही है। वार्ड वासी पेयजल के लिए इस भीषण गर्मी में हैंडपंपों के फ्लोराइड पानी के लिए इधर उधर भटकने पर विवश है। ऐसे में स्थायी समाधान के लिए दोनों वार्ड में प्रयाप्त पाइप लाइन डाली जाए तथा पानी सप्लाई के समय बिजली बंद रखी जाए। ताकि मोटरें बंद रहने से सभी के पानी पहुंच सके।
एक दो दिन में कर देंगे स्थायी समाधान
जेईएन केदार मीणा ने उन्हें आश्वास्त कर कहा कि फिलहाल अस्थायी समाधान हेतु वार्ड 11 व 12 में शाम को पेयजल सप्लाई की जाएगी तथा नीचे के जोन में सुबह सप्लाई की जाएगी। दो तीन दिन बाद दोनों वार्ड में अलग अलग पेयजल की पाइप लाइन डाल कर स्थायी समाधान कर दिया जाएगा। सप्लाई के समय बिजली भी बंद करवा दी जाएगी। इस आश्वास के बाद वार्ड वासियों का गुस्सा शांत हुआ। तभी रास्ते के अवरोधक हटा कर रास्ता बहाल किया।
जल संकट
जेईएन के अस्थायी समाधान करने पर माने, कहा- दो दिन बाद दोनों वार्ड की सेपरेट डाल लाइनें डाल करेंगे स्थायी समाधान
टोडारायसिंह. कस्बे में वार्ड 11 में पानी के लिए जाम लगा कर प्रदर्शन करते पार्षद व वार्डवासी।