चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जननी शिशु योजना तथा मुख्यमंत्री राजश्री योजना के लाभार्थियों को शीघ्र लाभान्वित करने और विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक सोमवार को टोडारायसिंह ब्लाॅक में हुई। ब्लाॅक की में बीसीएमओ डॉ.मेहबूब खान ने सभी एएनएम को समय पर बच्चों का टीकाकरण करने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री राजश्री योजना व जेएसवाई योजना की पेंडेंसी को दो दिन में दूर कर पात्र महिलाओं को शीघ्र लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कम्प्यूटर ऑपरेटर्स को भुगतान करने में आ रही समस्याओं का समाधान करते हुए बताया कि जेएसवाई का लाभ किसी भी हालत में नहीं रोका जाना चाहिए। चिकित्सा संस्थान में प्रसव होने तथा 48 घंटे भर्ती रहने पर जेएसवाॅय का लाभ प्रसूता को दिया जाना है। इसके अलावा जीवित बेटी के जन्म लेने पर मुख्यमंत्री राजश्री योजना के तहत प्रथम किश्त 2500 रुपए भुगतान भी किया जाना चाहिए। इसके लिए भामाशाह कार्ड अनिवार्य है। उन्होंने चिकित्सा संस्थानों में होने वाले प्रसव की जानकारी पीसीटीएस सॉफ्टवेयर में दर्ज करने के लिए भी कहा। किसी प्रसूता के बैंक खाते की जानकारी के अभाव भी प्रसव विवरण सॉफ्टवेयर में दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने ने बताया कि जून, 2016 से अप्रैल, 2017 के बीच जन्मी जीवित बालिकाओं को मुख्यमंत्री राजश्री योजना के तहत द्वितीय किश्त का भुगतान किया जाना है। इसके तहत 2500 रूपये का भुगतान ओजस सॉफ्टवेयर के माध्यम से बैंक खाते में होगा। द्वितीय किश्त के भुगतान के लिए बालिका के जीवित होने का प्रमाण पत्र, पूर्ण टीकाकरण तथा महिला का भामाशाह कार्ड नंबर होना अनिवार्य है। बालिका के जीवित होने का प्रमाण पत्र एएनएम द्वारा दिया जाएगा। उन्होंने सभी एएनएम को टीकाकरण संबंधी डेटा सॉफ्टवेयर में दर्ज कराने के निर्देश दिए देते हुए कंप्यूटर ऑपरेटर्स को राजश्री योजना की पेंडेंसी दो दिन में शत प्रतिशत खत्म करने के निर्देश दिए।
गहन दस्त नियंत्रण कार्यक्रम 28 से
बैठक में बीसीएमओ ने 28 मई से प्रारंभ होने वाले गहन दस्त नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत की जाने वाली तैयारी के बारे में अवगत कराया। पखवाड़े में 5 वर्ष तक के बच्चों वाले सभी घरों में आशा सहयोगियों के माध्यम से ओआरएस पैकेट पहुंचाया जाएगा। सभी चिकित्सा संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर ओआरएस जिंक कार्नर स्थापित किया जाएगा।
बीसीएमओ ने समीक्षा बैठक में कम्प्यूटर ऑपरेटर्स और एएनएम को दिए निर्देश
टोडारायसिंह. अस्पताल में स्वास्थ्यकर्मियों की बैठक में दिशा निर्देश देते बीसीएमओ डॉ.मेहबूब खान।