- Hindi News
- National
- स्कूल संचालक बोले सरकार बकाया राशि का भुगतान करे तभी देंगे छात्रों को दाखिला
स्कूल संचालक बोले- सरकार बकाया राशि का भुगतान करे तभी देंगे छात्रों को दाखिला
सरकार की तरफ से 134ए के तहत दाखिले दिए जाने के मामले में निजी स्कूलों की मांगें न मानने के विरोध में निजी स्कूल संचालकों ने शहर में मौन रोष प्रदर्शन किया। इससे पूर्व सभी स्कूल संचालक डॉ. आंबेडकर चौक पर एकत्रित हुए तथा उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों को पूरा नहीं किया तो वे अपने अपने स्कूलों को ताले लगाकर मुख्यमंत्री के पास चाबियां भेज देंगे उसके बाद सरकार जैसे चाहे वैसे स्कूल संचालित करे। इस संबंध में उन्होंने प्राइवेट स्कूल संघ की ओर से एसडीएम सरजीत नैन व डीएसपी जोगेंद्र शर्मा को ज्ञापन भी सौंपे।
10 नहीं 100 प्रतिशत पढ़ाने को तैयार
वक्ताओं ने कहा कि निजी स्कूल संचालक केवल 10 नहीं 100 प्रतिशत बच्चों को पढ़ाने को तैयार हैं लेकिन हरियाणा सरकार भी दिल्ली व महाराष्ट्र सरकार की तरह प्रत्येक बच्चे के खाते में प्रति माह ढाई हजार रुपये डाले उसके बाद बच्चे की इच्छा है वह जिस भी स्कूल में दाखिला लेना चाहे ले सकता है। उन्होंने मांग की सरकार उनका पिछला बकाया भी दे अन्यथा वे इस बार बच्चों को दाखिला नहीं देंगे।
सोशल मीडिया पर अंकुश लगाया जाए
उन्होंने बताया कि कुछ साधन संपन्न लोग 134 ए का अनुचित लाभ उठा रहे हैं जबकि जरूरतमंद वंचित हो रहे हैं इसलिए ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया जाए। इसके अलावा कुछ लोग सोशल मीडिया पर स्कूलों के बारे में लुटेरा, चोर व अन्य अपशब्द से न केवल अपमानित कर रहे हैं बल्कि उनकी छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाए। डीएसपी को दिए ज्ञापन में स्कूलों को सुरक्षा मुहैया करवाए जाने की मांग भी की। इस अवसर पर फेडरेशन ऑफ प्राइवेट स्कूल संघ के प्रदेशाध्यक्ष बलदेव सैनी, शहरी प्रधान धर्मपाल सैनी, सांझा मंच प्रधान रणधीर पुनिया, भजन सिंह कंबोज, प्रदीप मडिय़ा, गौरव भुटानी, डॉ. माला उपाध्याय, सुरेश आर्य, मधु शर्मा, मीनू बांगा, नन्हा राम, अंकित भुटानी, कर्मवीर ठाकुर व विनय वर्मा आदि मौजूद थे।
134ए को लेकर सरकार के खिलाफ मौन रोष प्रदर्शन करते निजी स्कूल संचालक।
एसडीएम के समक्ष आरोप-प्रत्यारोप लगाते अभिभावक व स्कूल संचालक तथा अभिभावकों को समझाते एसडीएम सरजीत नैन व डीएसपी जोगेंद्र शर्मा।
एसडीएम के सामने ही उलझ गए अभिभावक और स्कूल संचालक
भास्कर न्यूज | टोहाना सिटी
प्राइवेट स्कूलों के प्रदर्शन को लेकर एसडीएम सरजीत नैन व डीएसपी जोगेंद्र शर्मा स्कूल संचालकों की बात सुनने पहुंचे व ज्ञापन लेकर समस्या पर अपनी बात रख रहे थे तो 134-ए के तहत अभिभावक भी वहां पहुंच गए। भिभावक व स्कूल संचालक अपनी-अपनी समस्या एसडीएम के सामने रखने लगे। इसी दौरान एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने लगे। जिसमें अभिभावकों का कहना था कि स्कूल में किताबें नहीं मिल रही तथा स्कूल संचालक दाखिले के समय उनकी कोई सुनवाई नहीं करते है। जबकि स्कूल संचालकों का कहना था कि विभाग के आदेशानुसार किताबें नहीं दे सकते तथा अभिभावक 134-ए की आड़ में उनके साथ दुव्र्यवहार करते हैं तथा अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। एसडीएम ने दोनों पक्षों को शांत करवाया तथा उक्त विषय पर ठोस हल निकालने को लेकर आश्वासन दिया।