भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला के उस बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है, जिसमें नेता प्रतिपक्ष ने नौकरियों में मैरिट को दरकिनार करने की बात कही है। भाजपा नेता कहा कि वर्तमान सरकार ने सरकारी नौकरियों में पूर्ण पारदर्शिता के साथ मैरिट के आधार पर काबिल युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाया है।
एचसीएस की नौकरियों में भी गरीब से गरीब घरों के युवा चयनित हुए हैं। सरकार की ऐसी नीति से युवा वर्ग का सरकारी नौकरियों के प्रति दृष्टिकोण बदला है और वर्तमान में वे जोर-शोर से नौकरियों की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि पूर्व सरकारों में पुलिस की भर्तियों में भी प्रतिभागियों के स्थान पर उनके माता-पिता को नेताओं और दलालों के दरवाजों तक रेस लगानी पड़ती थी।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयान पढ़े-लिखे काबिल युवाओं का मनोबल तोड़ते हैं। ऐसे बयानों को युवा वर्ग गंभीरता से न लें।