श्रम विभाग द्वारा अंत्योदय मेले के तहत श्रमिक जागरूकता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मिर्च मंडी में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला तथा श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजीकृत श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के तहत सात करोड़ 86 लाख 28 हजार रुपये की सहायता प्रदान की। इस अवसर पर समारोह स्थल पर स्टॉल लगाकर ही श्रमिकों के पंजीकरण भी किए गए।
पूर्व सरकार में नहीं था ये सब
राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हैरानी जताते हुए कहा कि पूर्व की सरकारों के समय श्रमिकों को ना के बराबर योजनाओं का लाभ मिलता था। आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वर्ष 2013-14 में पूर्व सरकार के समय मात्र 7500 श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया जिसके मुकाबले वर्ष 2018 में वर्तमान सरकार ने हर वर्ष में 2 लाख से अधिक लाभार्थियों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया है।
उन्होंने कहा कि श्रमिकों के हित की बात करने वाले कुछ संगठन केवल चंदा वसूली के लिए कार्य करते रहे हैं लेकिन अब विभाग ने दलाली करने वाले ऐसे संगठनों पर अंकुश लगाया है। राज्य मंत्री ने आह्वान किया कि यदि कोई अधिकारी या संगठन योजनाओं के नाम पर उनसे पैसे मांगता है तो उसकी शिकायत करें ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि श्रमिकों के पंजीकरण की प्रक्रिया को काफी सरल कर दिया है। अब श्रम विभाग से मान्यता प्राप्त 5 श्रमिक संगठनों या ग्राम सचिव, पटवारी, बीडीओ व स्थानीय निकाय के सचिव के माध्यम से भी श्रमिक अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि इतना बड़ा बदलाव पिछले चुनावों में मात्र ईवीएम का एक बटन दबाने के कारण से आया है। उन्होंने कहा कि गलत बटन दबाने पर पूर्व में रही तुगलकी सरकारें वापस सत्ता में लौट आएंगी और जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। समारोह में एसडीएम सरजीत नैन, नायब तहसीलदार कृष्ण कुमार, डीएसपी जोगेंद्र शर्मा, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि सैनी, बलविंद्र सैनी, मार्किट कमेटी चेयरमैन रिंकू मान, हरियाणा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के रमेश बल्हारा, हनुमान गोदारा, बोर्ड सदस्य रोहताश जांगड़ा, जंगबहादुर, सुरेंद्र ठाकुर, रोहताश यादव, नरेश इंदौरा, भूषण चुघ, विक्रम चौहान, ओपी मालिया, कृष्ण नैन, जिलेसिंह बराला, कंवल चौधरी, अमृत लाल, बलदेव ग्रोहा, वेद जांगड़ा, सरदारी लाल, भीम जांगड़ा, सुभाष गर्ग, नरेंद्र बंटू आदि उपस्थित थे।
अंतोदय मेले में महिला श्रमिक को सिलाई मशीन प्रदान करते राज्य मंत्री नायब सैनी व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला।
890 सिलाई मशीनें वितरित की गई
श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजीकृत श्रमिक की बेटी की शादी पर दी जाने वाली 51000 रुपये की सहायता राशि की तर्ज श्रमिक के बेटे की शादी पर भी 21 हजार रुपये की सहायता राशि दिए जाने की घोषणा की। समारोह में हरियाणा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के तहत श्रमिक महिलाओं को 890 सिलाई मशीनें भी वितरित की गई।