लोग शिक्षित होंगे तो देश मंे हर तरफ प्रगति और उन्नति होगी : बलवान सिंह
हरियाणा विकास संस्थान (नीलोखेड़ी) द्वारा पंचायत साक्षरता अभियान के तहत खंड स्तर पर ग्राम पंचायत की महिला सरपंचों व पंचों के लिए एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। खंड विकास एवं पंचायत विभाग के कार्यालय प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संस्थान के ट्रेनर बलवान सिंह थे।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य निरक्षरता, खासकर महिलाओं में निरक्षरता को कम करना है क्योंकि भारत की आबादी का एक तिहाई हिस्सा अभी भी निरक्षर है और महिलाओं की ज्यादातर आबादी अभी भी पढ़ लिख नहीं पाती। भारत में अशिक्षित लोगों की संख्या दूसरे देशों से ज्यादा है, जो सरकार के सामने बड़ी चुनौती भी है। इसलिए हमारे देश में शिक्षा का प्रसार ज्यादा से ज्यादा करने के लिए भारत सरकार द्वारा कई अभियान चलाए जा रहे हैं। इनमें सर्व शिक्षा अभियान, मिड-डे-मील योजना और स्वच्छता मिशन चलाए जा रहे हैं। दिन भर दिन शिक्षा के लिए कड़े प्रयास किए जा रहे हैं।
शिक्षा एक वरदान है तो निरक्षरता एक अभिशाप
ट्रेनर ने कहा कि शिक्षा एक वरदान है तो निरक्षरता एक अभिशाप है। हम सभी को इस दिशा में सोचना चाहिए। साक्षरता विकास का प्रतीक है। किसी देश की उन्नति वहां के लोगों पर निर्भर करती है। उस देश के लोग शिक्षित होंगे तो देश में हर तरह प्रगति और उन्नति होगी। अगर वहां के लोग अशिक्षित होंगे तो वहां विकास संभव नहीं हो सकता। कार्यक्रम में ब्लॉक कॉर्डिनेटर कृष्ण कुमार, ग्राम सचिव रमेश कुमार, सुरेंद्र, सत्य कुमार, नवीन किशोर आदि उपस्थित थे।
आयोजित प्रशिक्षण शिविर में मौजूद महिला सरपंच और पंच।