पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • घर घर जांच रहे पानी की शुद्धता, िवभाग को पता ही नहीं

घर-घर जांच रहे पानी की शुद्धता, िवभाग को पता ही नहीं

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर में पिछले कुछ दिनों से पानी की शुद्धता का सर्वे किया जा रहा है जोकि अच्छी बात है लेकिन आश्चर्यजनक बात ये है कि जन स्वास्थ्य विभाग इस सर्वे से बेखबर है जबकि नियमानुसार पानी की शुद्धता की जांच या सर्वे करने का कार्य जनस्वास्थ्य विभाग का है। ऐसे में इन सर्वे करने वालों की मंशा क्या है। अभी इस बारे में जनस्वास्थ्य विभाग भी नहीं जानता जबकि विभाग ने लोगों को आगाह किया है कि ऐसे लोगों से सावधान रहें तथा उन्हें अपना कोई भी दस्तावेज आदि न दें।

सर्वे में ऐसे कर रहे हैं जांच : अपने आपको जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से अधिकृत बताते हुए ये सर्वेयर शहर में लोगों के घरों में जाकर कहते हैं कि वे आपके घर के पानी की शुद्धता की जांच करेंगे। इसके लिए वे एक गिलास में पानी तथा आधार कार्ड व मोबाइल नंबर ले आएं। उसके बाद वे पेंसिलनुमा स्लाइड को पानी के गिलास में डालकर देखते हैं। फिर वे एक फॉर्म भरते हैं जिसमें वे मकान मालिक का नाम व पता, आधार कार्ड नंबर व मोबाइल नंबर भरते हैं। अंत में वे फॉर्म में जांच की गई रिपोर्ट भरते हैं और उसकी एक स्लिप काटकर मकान मालिक को देकर सर्वे करने के लिए आगे रवाना हो जाते हैं।

नियमानुसार पानी की शुद्धता की जांच या सर्वे करने का कार्य जनस्वास्थ्य विभाग का है, अधिकारी कर रहे लोगों को सचेत

टोहाना। एक घर में पानी की शुद्धता की जांच करता सर्वेयर।

टोहाना। शहर में पानी की शुद्धता के हो रहे सर्वे के दौरान मकान मालिक को दी जाने वाली स्लिप।

पानी में ये तीन टेस्ट करते हैं

पानी की शुद्धता के लिए सर्वेयर तीन तरह के टेस्ट करते हैं। जिनमें पीएच वेल्यू (6.9 से 8.5 तक होनी चाहिए), टीडीएस (100 से 300 तक होनी चाहिए) तथा ईसी (250 से 450 तक होनी चाहिए) शामिल है। जांच उपरांत मकान मालिक को दी जाने वाली स्लिप में दूषित जल से होने वाले रोगों टाईफाइड, डायरिया, हेपेटाईटिस, लीवर इंफेक्शन, किडनी इंफेक्शन, कैंसर, मलेरिया, एचआईवी, डेंगू, पोलियो व थायराइड बताया गया है। इसके साथ शुद्ध जल ही जीवन है का संदेश भी दिया गया है।

हमने ऐसा कोई सर्वे नहीं करवाया

जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता होशियार सिंह ने इससे अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि उन्हें पता चला है कि यह सर्वे कोई आरओ का काम करने वाला करवा रहा है जोकि अनुचित है। इसकी जांच करवाएंगे कि उनकी मंशा क्या है। उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने आमजन का आह्वान किया कि वे ऐसे लोगों से सावधान रहें तथा उन्हें किसी तरह के कोई दस्तावेज न दें।

खबरें और भी हैं...